धान खरीदी व्यवस्था को लेकर निगरानी और उड़नदस्ता दलों का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में पारदर्शी खरीदी और किसान सुविधा सुनिश्चित करने के दिए गए निर्देश
सक्ती – जिले में समर्थन मूल्य पर होने वाली धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में 10 एवं 11 नवंबर 2026 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में धान खरीदी कार्य से जुड़े जिला स्तरीय निगरानी दल, विकासखंड स्तरीय उड़नदस्ता दल, तहसील स्तरीय जांच दल तथा डिस्ट्रिक्ट कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (DCCC) के सदस्यों सहित अन्य संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिला विपणन अधिकारी श्रीमती शोभना तिवारी और जिला खाद्य अधिकारी खुमेश्वर सिंह ने धान खरीदी से जुड़े विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। अधिकारियों ने उपार्जन केंद्रों में मानक आकार के धान स्टैक के निर्माण, स्टैक की सटीक गिनती, सुगम टोकन व्यवस्था, धान की आवक-जावक के संधारण तथा बारदाना व्यवस्था से संबंधित दिशा-निर्देशों की बारीकियों को समझाया। कार्यशाला में प्रश्नोत्तरी सत्र के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने सभी दलों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक धान उपार्जन केंद्र में पूर्ण पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखना अनिवार्य है। उन्होंने विशेष रूप से हिदायत दी कि खरीदी प्रक्रिया के दौरान अन्नदाता किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसका सर्वोच्च प्राथमिकता से ध्यान रखा जाए। इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण में खाद्य विभाग, मार्कफेड और सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित सभी जांच एवं निगरानी दलों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
