सक्ती

सक्ती जिले में 15 नवम्बर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी

96 समितियों के 129 उपार्जन केंद्रों में प्रशासन की तैयारियां तेज; ‘तुंहर टोकन’ ऐप से मिलेगी कतारों से मुक्ति, बायोमेट्रिक प्रणाली से होगी खरीदी

सक्ती –  खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत सक्ती जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। शासन के दिशा-निर्देशानुसार जिले की 96 सहकारी समितियों के अंतर्गत आने वाले कुल 129 धान उपार्जन केंद्रों में 15 नवम्बर से 15 जनवरी तक धान की खरीदी की जाएगी।
समर्थन मूल्य और खरीदी की सीमा तय
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष धान (कॉमन) का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल तथा धान (ग्रेड-ए) का समर्थन मूल्य 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल (लिंकिंग सहित) धान की खरीदी की जाएगी। खरीदी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस वर्ष भी बायोमेट्रिक आधारित प्रणाली का उपयोग किया जाएगा।
‘तुंहर टोकन’ ऐप से मिलेगी बड़ी राहत
उपार्जन केंद्रों और समितियों में टोकन कटवाने के लिए लगने वाली लंबी कतारों से किसानों को राहत देने तथा उनके समय की बचत करने के लिए शासन द्वारा ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। किसान घर बैठे इस ऐप के माध्यम से अपनी सुविधानुसार टोकन प्राप्त कर सकेंगे।
भूमि के रकबे के आधार पर टोकन की पात्रता:
• लघु एवं सीमांत किसान (2 एकड़ तक): अधिकतम 1 टोकन।
• मध्यम किसान (2 से 10 एकड़ तक): अधिकतम 2 टोकन।
• दीर्घ किसान (10 एकड़ से अधिक): अधिकतम 3 टोकन।
हेल्पलाइन नंबर जारी, प्रशासन ने की अपील
धान विक्रय या टोकन जारी करने से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या के त्वरित समाधान के लिए शासन द्वारा राज्य स्तरीय टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-3663 जारी किया गया है, जिस पर संपर्क कर किसान आवश्यक जानकारी ले सकते हैं।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी पंजीकृत किसानों से अपील की है कि वे समय पर अपना टोकन प्राप्त करें। साथ ही, निर्धारित तिथि व समय पर समस्त आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने संबंधित उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान विक्रय करें, जिससे संपूर्ण खरीदी प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी और समयबद्ध रूप से संपन्न हो सके।