सक्ती

वोट चोरी का आरोप लगाने वाली कांग्रेस बताए, जांजगीर की सभी 8 सीटों पर उनके विधायक कैसे जीते: आयुष शर्मा

जिला पंचायत सभापति का कांग्रेस की दिल्ली रैली पर निशाना; कहा—बीजेपी वोट चोरी करती तो केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार होती, गठबंधन की नहीं

वोट चोरी का आरोप लगाने वाली कांग्रेस बताए, जांजगीर की सभी 8 सीटों पर उनके विधायक कैसे जीते: आयुष शर्मा kshititech

सक्ती –  दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की विशाल रैली और चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए जिला पंचायत सभापति आयुष शर्मा ने तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी हार को पचा नहीं पा रही है और जनता के बीच भ्रम तथा अराजकता फैलाने के लिए ईवीएम और वोट चोरी का बेबुनियाद राग अलाप रही है।
शर्मा ने सवाल उठाया कि अगर भाजपा चुनाव आयोग से मिलकर वोट चोरी करती, तो आज केंद्र में एनडीए गठबंधन के बजाय भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार होती। देश के सभी राज्यों में भाजपा का शासन होता। लेकिन वास्तविकता यह है कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से गठबंधन सहयोगियों के साथ केंद्र की सत्ता में है।
‘जीतें तो लोकतंत्र, हारें तो ठीकरा चुनाव आयोग पर’
जिला पंचायत सभापति ने कांग्रेस की दोहरी राजनीति को बेनकाब करते हुए पूछा कि विपक्ष यह साफ करे कि देश के तीन राज्यों में आखिर कांग्रेस की सरकार कैसे बनी? झारखंड में भी कांग्रेस गठबंधन के साथ सत्ता में है। उन्होंने कहा, “जब कांग्रेस जीतती है तो चुनाव निष्पक्ष होते हैं, लेकिन जहां उसे हार का सामना करना पड़ता है और केंद्र में सरकार नहीं बन पाती, तो वह अपनी नाकामी का ठीकरा चुनाव आयोग और वोट चोरी के नाम पर फोड़ना शुरू कर देती है।”
जांजगीर लोकसभा के नतीजों पर घेरा
आयुष शर्मा ने स्थानीय उदाहरण देते हुए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “हमारे जांजगीर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत 8 विधानसभा सीटें आती हैं। इन सभी 8 विधानसभा क्षेत्रों में जनता ने कांग्रेस पार्टी के विधायकों को चुनकर भेजा है। कांग्रेस के बड़े नेता अब यह बताएं कि क्या उनके ये सभी विधायक वोट चोरी करके चुनाव जीते हैं? आखिर कांग्रेस इन 8 विधानसभाओं में यह मुद्दा क्यों नहीं उठाती कि यहाँ वोटों की हेराफेरी हुई है?”
एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस में विरोधाभास
उन्होंने केरल का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस वहां एसआईआर का समर्थन कर रही है। कांग्रेस को पहले खुद के भीतर एकजुट होना चाहिए। अगर उनका कोई स्टैंड है, तो उन्हें सभी स्थानों पर समान रूप से एसआईआर का मुद्दा उठाना चाहिए, न कि सिर्फ उन चुनिंदा राज्यों में जहाँ उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह केवल देश के युवाओं को गुमराह करने और समाज में अराजकता फैलाने का काम कर रही है।