जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित

जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
सक्ती- जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना कार्य) के सफल एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन के लिए आज जिला पंचायत सक्ती के सभाकक्ष में जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण की शुरुआत की गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को निर्धारित समय-सीमा में शुद्धता एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। जनगणना कार्य निदेशालय रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में जिला एवं चार्ज स्तर के संबंधित अधिकारियों तथा कर्मचारियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया एवं आवश्यक तैयारियों के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण 28 एवं 29 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर जयश्री जैन ने कहा कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का कार्य पूरी गंभीरता, शुद्धता एवं निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षण में प्राप्त निर्देशों का पालन करते हुए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने चार्ज क्षेत्र के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करना सुनिश्चित करें, ताकि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का कार्य सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके। जिला स्तर के प्रशिक्षण में अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी व अपर कलेक्टर के एस पैंकरा सभी अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी), जिला जनगणना लिपिक, जिला जनगणना कार्यालय सक्ती तथा सभी तकनीकी सहायक शामिल हुए। वहीं, चार्ज स्तर पर सभी शहरी एवं ग्रामीण चार्ज जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी (ग्रामीण), चार्ज जनगणना लिपिक तथा तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण दिया गया।
