सक्ती

ग्राम जर्वे के पूर्व सरपंच लाल बहादुर पटेल का अंतिम संस्कार संपन्न, विदाई देने उमड़ी भारी भीड़

सक्ती – ग्राम जर्वे के पूर्व सरपंच स्वर्गीय लाल बहादुर पटेल का अंतिम संस्कार आज गृह ग्राम जर्वे के मुक्तिधाम में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए सक्ती, रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और रायगढ़ जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
अंतिम संस्कार के पश्चात मुक्तिधाम में एक शोकसभा का आयोजन किया गया। शोकसभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय अघरिया समाज सक्ती क्षेत्र के केंद्रीय प्रतिनिधि एवं उच्च न्यायालय के अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने कहा कि स्वर्गीय लाल बहादुर पटेल एक मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। ग्राम जर्वे के सरपंच के रूप में उन्होंने क्षेत्र की सेवा की। अपने मिलनसार स्वभाव और सहज व्यवहार के कारण वह विशेषकर युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनका चले जाना समाज और क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
शोकसभा के समापन पर ग्राम पुरोहित द्वारा राम नाम जप के साथ मृतात्मा की शांति एवं सद्गति के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शांति पाठ कराया गया। वहां उपस्थित सभी लोगों ने मौन रखकर दिवंगत आत्मा को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंत में, शोक संतप्त पटेल परिवार की ओर से अंतिम यात्रा और शोकसभा में शामिल होकर ढांढस बंधाने वाले सभी स्नेहीजनों, ग्रामीणों और प्रबुद्ध नागरिकों के प्रति साधुवाद एवं आभार व्यक्त किया गया।