सक्ती

डिजिटल क्रॉप सर्वे समय सीमा में करें पूरा, कोई भी किसान न छूटे: अपर कलेक्टर

अपर कलेक्टर नवीन भगत और के.एस. पैकरा ने दर्राभाठा के खेतों में पहुंचकर किया भौतिक सत्यापन

डभरा क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों का भी लिया जायजा, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

सक्ती –  कलेक्टर जयश्री जैन के निर्देशानुसार सक्ती जिले में पीवी ऐप के जरिए चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रशासनिक कसावट बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में नवपदस्थ अपर कलेक्टर नवीन भगत ने अपर कलेक्टर के.एस. पैकरा के साथ ग्राम दर्राभाठा के दूरस्थ खेतों में पहुंचकर मैदानी स्तर पर सर्वे कार्य का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ने राजस्व, कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारियों व सर्वेयरों को पूरी सावधानी और सटीकता के साथ सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले के किसी भी किसान का रकबा या खसरा सर्वे से छूटना नहीं चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने एग्रीस्टैक पंजीयन से वंचित पात्र किसानों से शीघ्र पंजीयन कराने की अपील की, ताकि उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके।
धान खरीदी केंद्रों में बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश
फसल सर्वे के बाद अपर कलेक्टर नवीन भगत ने ग्राम दर्राभाठा, डोड़की, बड़े सीपत, फरसवानी और डभरा क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी धान खरीदी सीजन के मद्देनजर शुरुआती तैयारियों, कांटा-बाट, बारदाने तथा किसानों के लिए पेयजल व छाया जैसी बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को खरीदी शुरू होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। गौरतलब है कि कलेक्टर के आदेश पर जिले भर में मैदानी स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।