सक्ती में धूमधाम से मनाया गया मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट दिवस, डॉक्टरों ने सराहा योगदान

माइक्रोबायोलॉजी के जनक सर एंटोनी वान ल्यूवेनहॉक के जन्मदिवस पर हुआ गरिमामय कार्यक्रम, स्वास्थ्य सेवा में लैब टेक्नोलॉजिस्ट की भूमिका को बताया रीढ़ की हड्डी

सक्ती – प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 24 अक्टूबर को माइक्रोस्कोप एवं माइक्रोबायोलॉजी के जनक सर एंटोनी वान ल्यूवेनहॉक के जन्मदिवस के अवसर पर सक्ती में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट दिवस बेहद गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा सर एंटोनी वान ल्यूवेन्हॉक के तैल चित्र पर माल्यार्पण, द्वीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ की गई।
बीमारी की सही पहचान और इलाज में लैब की भूमिका अहम: डॉ. सिदार
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. एन. के. सिदार (खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती) ने स्वास्थ्य सेवाओं में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट्स के अमूल्य योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में किसी भी बीमारी की सटीक पहचान के लिए खून, पेशाब व अन्य जांचें बेहद जरूरी हैं। इन जांचों के परिणामों के आधार पर ही डॉक्टर सही डायग्नोसिस कर मरीज का उचित इलाज कर पाते हैं। स्वास्थ्य सेवा की इस रीढ़ को मजबूत रखने के लिए उन्होंने सभी साथियों को बधाई दी। कार्यक्रम में मौजूद डॉ. अभिषेक कुर्रे (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुरदा), डॉ. नीलांबर कंवर (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोरथा) एवं डॉ. प्रियंका सिदार (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मसनियाॅकला) ने भी उपस्थित जनसमूह को एम एल टी दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कपड़ा व्यापारी से ‘माइक्रोबायोलॉजी के जनक’ बनने का प्रेरक सफर
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ साथी रवि शंकर श्रीवास ने सर एंटोनी वान ल्यूवेनहॉक के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे एक साधारण कपड़ों के व्यापारी ने अपनी लगन से वैज्ञानिक बनने तक का सफर तय किया। उन्होंने ही पहली बार माइक्रोस्कोप का आविष्कार कर सूक्ष्म दुनिया से परिचय कराया, जिसके कारण उन्हें माइक्रोबायोलॉजी का जनक कहा जाता है। आज उनके इसी ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए पूरे विश्व में इस दिन को मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट दिवस के रूप में मनाया जाता है।
केक काटकर मनाई खुशियां, स्वास्थ्य अमला रहा मौजूद
कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभी डॉक्टरों और लैब टेक्नोलॉजिस्ट्स ने मिलकर केक काटा और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशियां बांटीं। इस गरिमामय आयोजन में मुख्य रूप से लक्ष्मी प्रसाद बघेल, कमलेश चंद्रा, सीमा साहू, प्रभा कंवर, योगीता, खुशबू, सुभाषनी, संजय बंजारे, हितेश्वर प्रसाद सिदार, प्रयागराज, अनिल सिदार, रवि शंकर श्रीवास, निलेश, आशीष, फलक बानो, नैना, अमीषा, कन्हैया, उषा, गंगा, अंजुलता, सन्नी, जयराम, रुपेश, त्रिभुवन, आकाश, राकेश, तुलसी, चैतन्य, शिवगंगा, राजेश्वरी सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कैडरों के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
