अग्रवाल समाज की सराहनीय पहल: सक्ती में तीन जरूरतमंद मेधावी विद्यार्थियों को दी गई स्कॉलरशिप

मनीष कथूरिया, राजकुमार अग्रवाल, मुकेश बंसल एवं प्रकाश चंद्र अग्रवाल के सहयोग से प्रतिवर्ष दी जाएगी छात्रवृत्ति
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 70% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को हर साल मिलेगी ₹5000 की शिक्षा प्रोत्साहन राशि

सक्ती – सक्ती शहर के अग्रवाल समाज के जरूरतमंद और मेधावी छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए एक अनुकरणीय पहल की शुरुआत की गई है। इसके तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक में अध्ययनरत समाज के होनहार विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष ₹5000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इस योजना के प्रथम वर्ष की छात्रवृत्ति का वितरण 25 अक्टूबर 2026, दिन रविवार को दोपहर 3:00 बजे अग्रवाल सभा शक्ति के अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल के कार्यालय में उनके कर-कमलों द्वारा किया गया। प्रथम चरण में उन तीन पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति सौंपी गई, जिनके आवेदन 18 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित प्रोफार्मा में प्राप्त हुए थे। यह पूरी मुहिम शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी मनीष कथूरिया, राजकुमार अग्रवाल (राजू), मुकेश बंसल एवं प्रकाश चंद्र अग्रवाल (ट्रॉली) के विशेष सहयोग और सौजन्य से संचालित की जा रही है।
प्रतिवर्ष 5 विद्यार्थियों का होगा चयन
प्रायोजक परिवार के सदस्यों ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सक्ती शहर के अग्रवाल समाज के ऐसे जरूरतमंद विद्यार्थी, जिन्होंने पिछली कक्षा में 70% से अधिक अंक अर्जित किए हैं और वर्तमान में 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई कर रहे हैं, वे इस स्कॉलरशिप के पात्र होंगे। यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और प्रतिवर्ष प्राप्त आवेदनों में से जांच के बाद 5 सर्वश्रेष्ठ जरूरतमंद विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें यह स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी।
अग्रवाल सभा अध्यक्ष ने कहा—पहल अनुकरणीय और स्वागत योग्य
छात्रवृत्ति वितरण के दौरान अग्रवाल सभा सक्ती के अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि समाज के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें प्रोत्साहित करने की दिशा में यह एक बेहद सराहनीय कदम है। उन्होंने सभी प्रायोजक परिवारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के प्रति उनका यह योगदान निश्चित रूप से स्वागत योग्य और दूसरों के लिए प्रेरणादायी है।
