सक्ती

नवरात्रि एवं त्योहारों के अवसर पर छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन ने बांटे चिल्लर सिक्के

सक्ती –  आगामी नवरात्रि पर्व एवं त्योहारों के मौसम को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन द्वारा एक सराहनीय और जनकल्याणकारी पहल की गई है। संस्था द्वारा नगर के छोटे-छोटे दुकानदारों एवं व्यापारियों की सुविधा के लिए चिल्लर (छुट्टे) पैसों का विशेष वितरण किया गया। यह वितरण कार्यक्रम नगर के शिव बुक सेंटर के सामने आयोजित किया गया, जहाँ चिल्लर पैसों की किल्लत से जूझ रहे छोटे व्यवसायियों को राहत पहुंचाई गई। त्योहारों के समय बाज़ार में चिल्लर पैसों की भारी मांग रहती है, जिससे ग्राहकों और दुकानदारों दोनों को लेन-देन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के निवारण हेतु फाउंडेशन ने यह कदम उठाया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राम नरेश यादव एवं जिला उपाध्यक्ष मांगेराम अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में कतारबद्ध तरीके से दुकानदारों को चिल्लर (सिक्के) बांटे गए। वितरण के दौरान जिलाध्यक्ष राम नरेश यादव ने कहा कि “त्योहारों के दिनों में छोटे व्यापारियों को चिल्लर की समस्या के कारण व्यापार में बाधा आती है। हमारी संस्था का सदैव प्रयास रहता है कि समाज के हर वर्ग की व्यावहारिक समस्याओं का समाधान किया जा सके।” वही, जिला उपाध्यक्ष मांगेराम अग्रवाल ने कहा कि आगे भी संस्था द्वारा जनकल्याण एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य निरंतर जारी रहेंगे। इस अवसर राम नरेश यादव, मांगेराम अग्रवाल, अमन डालमिया,राजेन्द्र राठौर,मानस अग्रवाल पर स्थानीय दुकानदारों एवं व्यापारियों ने छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कार्यक्रम में संस्था के अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।