सक्ती

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर 28 एवं 29 अक्टूबर को जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित

सक्ती में जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

सक्ती-  जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना कार्य) के सफल एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन के लिए जिला सक्ती में 28 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 तक दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण जिला कार्यालय सक्ती के सभागार में प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगा।
     जनगणना कार्य निदेशालय रायपुर के निर्देशानुसार   आयोजित इस प्रशिक्षण में जिला एवं चार्ज स्तर के संबंधित अधिकारियों तथा कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को निर्धारित समय-सीमा में शुद्धता एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। जिला स्तर के प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, सभी अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी), जिला जनगणना लिपिक जिला जनगणना कार्यालय सक्ती, तथा सर्व तकनीकी सहायक शामिल होंगे। वहीं चार्ज स्तर पर सभी शहरी एवं ग्रामीण चार्ज जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी (ग्रामीण), चार्ज जनगणना लिपिक तथा तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
      प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने चार्ज क्षेत्र के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रशिक्षण स्थल में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे।