सक्ती

प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना से ग्राम झरप में सोलर पंप से मिली पेयजल सुविधा, ग्रामीणों को मिली राहत

सक्ती-  सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और आमजन की सेवा की कहानियां सामने आ रही हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (PMAGY) के अंतर्गत जिला सक्ती के विकासखंड जैजैपुर मुख्यालय से 52 किलोमीटर दूर स्थित प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम झरप में सोलर पंप का निर्माण किया गया। बता दे कि ग्राम झरप की कुल जनसंख्या 1,390 है, जिसमें अनुसूचित जाति के 1,166 लोग शामिल हैं। यह ग्राम की कुल आबादी का 83.88 प्रतिशत है। इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना और जल संकट की समस्या का समाधान करना है। पूर्व में ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूरस्थ जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। विशेषकर गर्मी के मौसम में पानी की उपलब्धता चुनौतीपूर्ण हो जाती थी। वहीं, विद्युत आपूर्ति की अनियमितता के कारण भी जलापूर्ति प्रभावित होती थी। सोलर पंप एवं जल भंडारण व्यवस्था स्थापित होने से अब सौर ऊर्जा के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे बिजली पर निर्भरता कम हुई है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिला है। घर के निकट पेयजल की सुविधा मिलने से ग्रामीणों के समय और श्रम की बचत हो रही है। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को राहत मिली है, जिन्हें पहले पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। सोलर पंप के संचालन से ग्राम की पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ हुई है तथा ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आया है।ग्रामीणों ने बताया कि पहले पानी के लिए दूर जाना पड़ता था और गर्मी के दिनों में समस्या अधिक बढ़ जाती थी। अब गांव में ही पेयजल उपलब्ध होने से समय और श्रम की बचत हो रही है। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।