निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष अभियान के तहत छूटे हुए पात्र मतदाताओं एवं 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का होगा पंजीयन

एक माह तक चलाया जा रहा मतदाताओं का पंजीकरण का विशेष अभियान
सक्ती- भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार जिला सक्ती में मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। मतदाता पंजीकरण एक सतत् प्रक्रिया है और कोई भी पात्र व्यक्ति जो अभी तक मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं हुआ है या विभिन्न कारणों से जिनका नाम सूची से विलोपित हो गया है, वह किसी भी समय पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकता है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान करना और उन्हें मतदाता सूची में पंजीकृत करना है। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली द्वारा एक माह ‘विशेष अभियान चलाये जाने का निर्देश दिया गया जिसका उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिक जो विभिन्न कारणों से मतदाता सूची में सम्मिलित नही हो पाये है उनका पुनर्सव्थापन करते हुए ऐसे चिन्हित मतदाताओं से पंजीकरण हेतु फॉर्म-6 भरवाया जाना है। साथ ही इस अभियान के अंतर्गत नये, पहली बार, युवा मतदाताओं (17+ आयु वर्ग) के पंजीकरण हेतु उनसे फॉर्म-6 भरवाया जाना है। विभिन्न कारणों से विलोपित की गयी प्रविष्टियों (ASDDO) की सूची जिले की वेबसाइट में उपलब्ध रहेगी। इस अभियान के दौरान प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी के द्वारा मतदान केन्द्र स्तर पर प्रत्येक सप्ताह बुधवार और गुरूवार को विशेष शिविर कार्यालयीन समय में आयोजन किया जा रहा है। साथ ही शुक्रवार और शनिवार को अपने मतदान केन्द्र अंतर्गत सभी पॉलिटेकनिक, आईटीआई, हाई स्कूल व हायर सेकेंडरी तथा समस्त उच्च शैक्षणिक संस्थाओं में युवा, भावी मतदाताओं के पंजीकरण हेतु संस्थान के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। विशेष अभियान के आयोजन के संबंध में युवा मतदाताओं के पंजीकरण तथा विभिन्न कारणों से विलोपित की गयी प्रविष्टियों के पुनर्सत्यापन हेतु प्रत्येक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के समस्त बूथ लेवल अधिकरियों के लिये प्रशिक्षण का आयोजन किया जा चुका है। प्रशिक्षण उपरांत बी.एल.ओ. द्वारा अपने मतदान केन्द्र के प्रत्येक घर में जा रहे है तथा प्रत्येक मतदान केन्द्रो में सप्ताह में 2 दिन विशेष शिविर का आयोजन किया जावेगा।
इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं (कक्षा 9वीं से 12वीं) में भी इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से शिविर का आयोजन किया जाकर नये, पहली बार, युवा (17+ आयु वर्ग) मतदाताओं की पंजीकरण का कार्य किया जा रहा है। शिविर आयोजन के तिथि व संस्थान का निर्धारण जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा किया जाएगा। बीएलओ विशेष अभियान के दौरान प्राप्त आवेदन पत्रों की सूची को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के द्वारा नियुक्ति बूथ लेवल एजेंट के साथ साझा करेंगे। फॉर्म- 06 आवेदन पत्रों और क्षेत्र सत्यापन रिपोर्ट को संबंधित बूथ लेवल अधिकारी भरे गये फार्म निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के साथ साझा करेंगे। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ऐसे मामलों में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 और निर्वाचको का पंजीकरण नियम 1960 में निहित प्रावधानों के अनुसार कार्यवाही करने के लिये सक्षम प्राधिकारी है। इस प्रक्रिया के अंत में उपर्युक्त तरीके से तैयार की गयी मतदान केन्द्रवार सूची सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के द्वारा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करेंगे जिससे उन्हें किसी भी छूटे हुए पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराये जाने का एक और अवसर मिलेगा।
कोई भी पात्र नागरिक, युवा, भावी मतदाता मतदाता सूची में अपना नाम जुडवाने के लिए ECINET मोबाइल ऐप या WWW.Voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन अथवा अपने मतदान केन्द्र क्षेत्र की बूथ लेवल अधिकारी के पास ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म-06 में आवेदन भर कर जमा कर सकता है। मतदाता पंजीकरण से संबंधित किसी समस्या के समाधान हेतु ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से सीधे अपने बूथ लेवल अधिकारी से बात करने के लिए Book A Call With BLO रिक्वेस्ट भेज सकता है। मतदाता चाहे तो टॉल फ्री नंबर 1950 पर कॉल कर मतदाता पंजीकरण से संबंधित सहायता प्राप्त कर सकते है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ द्वारा अपील की गई है ऐसे सभी पात्र नागरिक जिनका नाम किसी भी कारणों से मतदाता सूची में शामिल न हो सका हो और ऐसे मतदाता जो 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हो वे सभी भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाये जा रहे इस विशेष अभियान के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम पंजीकरण करने हेतु अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य पंजीकृत कराये।
