सक्ती

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना बनी किसान विजय कुमार चंद्रा के लिए आर्थिक संबल

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना बनी किसान विजय कुमार चंद्रा के लिए आर्थिक संबल kshititech

फसल नुकसान के बाद मिला 1.68 लाख रुपये का बीमा दावा, संकट से उबरकर खेती के प्रति बढ़ा विश्वास

सक्ती-  सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओ से आमजन की सेवा की कहानियां सामने आ रही है। कृषि विभाग अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए प्राकृतिक आपदाओं एवं विपरीत मौसम से होने वाले फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। योजना के तहत फसल की बुवाई से लेकर कटाई तक विभिन्न जोखिमों से होने वाले नुकसान पर पात्र किसानों को नियमानुसार बीमा राशि का लाभ दिया जाता है। सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखण्ड के ग्राम नवागांव निवासी किसान श्री विजय कुमार चंद्रा ने खरीफ वर्ष 2025 में लगभग 10.400 हेक्टेयर भूमि में धान की खेती की थी। उन्होंने प्राथमिक सेवा सहकारी समिति के माध्यम से अपनी फसल का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा कराया था। अच्छी लागत और मेहनत के बावजूद प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण उनकी धान की फसल का उत्पादन प्रभावित हुआ, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। ऐसे समय में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना उनके लिए सहारा बनी। फसल नुकसान के आकलन के बाद उन्हें कुल 1,68,000 रुपये की बीमा दावा राशि प्राप्त हुई।  विजय कुमार चंद्रा बताते हैं कि फसल खराब होने से उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। ऐसे समय में बीमा दावा राशि मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली। उन्होंने प्राप्त राशि का उपयोग घरेलू जरूरतों के साथ-साथ खेती-किसानी में किया और आर्थिक नुकसान से उबरने में मदद मिली। वे कहते हैं कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं रही। अब वे हर वर्ष अपनी फसल का बीमा कराने के प्रति सजग हैं और गांव के अन्य किसानों को भी फसल बीमा कराने की सलाह देते हैं, ताकि प्राकृतिक आपदा या अन्य जोखिमों की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके। इस योजना के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को आभार व्यक्त किया।