सक्ती

लीनेस क्लब स्वर्णिम सक्ती ने हर्षोल्लास के साथ मनाया आंवला नवमी पर्व, लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प

सक्ती – ऑल इंडिया लीनेस क्लब्स डिस्ट्रिक्ट सी.जी.-1 के अंतर्गत ‘लीनेस क्लब स्वर्णिम सक्ती’ द्वारा आंवला नवमी का पावन पर्व बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम क्लब की चार्टर अध्यक्ष लीनेस शहनाज़ बानो के कुशल नेतृत्व में लीनेस निधि सिंह के बगीचे में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की सभी महिला सदस्यों ने बगीचे में स्थित आंवला वृक्ष की पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और वृक्ष की परिक्रमा लगाई। इस अवसर पर सदस्यों ने समाज और क्षेत्र के सभी लोगों के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ सभी सदस्यों ने पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्रकृति संरक्षण का संकल्प भी लिया।
पूजा-अर्चना के पश्चात सभी सदस्यों ने आंवला वृक्ष की छांव में बैठकर सामूहिक भोजन एवं प्रसाद का आनंद लिया। कार्यक्रम को और भी रोचक और यादगार बनाने के लिए क्लब की बहनों द्वारा विभिन्न प्रकार के मनोरंजक गेम्स का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खूब आनंद उठाया।
इस विशेष अवसर पर क्लब की सचिव लीनेस निकहत करीम मलिक, कोषाध्यक्ष लीनेस प्रिया दुबे सहित अनीता सिंह, विजया जायसवाल, अनीता राठौर, ललिता साहू, रीता राज, भगवती देवांगन एवं क्लब की अन्य सदस्याएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।