सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने शासकीय योजनाओं की दी जानकारी

पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम आवास, उज्ज्वला, फसल बीमा, सहित 20 विभिन्न योजनाओं की नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजनों को दी जानकारी

सक्ती – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न जागरूकता एवं जनभागीदारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जवाहरलाल नेहरू डिग्री महाविद्यालय सक्ती के एनएसएस और एनसीसी के छात्राओं द्वारा ग्राम टेमर में स्थित बाजार चौक के पास नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं ने आमजनों को शासन की 20 विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ शासन एवं कलेक्टर जिला सक्ती श्रीमती जयश्री जैन, जिला नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती वासु जैन तथा डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत के निर्देशानुसार, संस्था के प्रो. डॉ. देवेन्द्र शुक्ला नोडल अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामावतार अग्रवाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में बजरंग अग्रवाल एवं बंसी देवांगन सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राम अवतार अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में सेवा एवं रचनात्मक कार्यों का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता का विस्तार समय की आवश्यकता है। शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना और जनजागरण करना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर राष्ट्रहित में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने तथा समाज के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सहित 20 विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी आमजनों तक पहुंचाई। छात्राओं ने सहज एवं प्रभावी संवाद और अभिनय के माध्यम से योजनाओं के लाभ तथा जनकल्याणकारी उद्देश्यों को समझाया।
कार्यक्रम में संस्था के वरिष्ठ प्रो. डॉ. देवेन्द्र शुक्ला, डॉ. अमित शर्मा, प्रो. मेघनाथ जायसवाल, प्रो. दामिनी पटेल, प्रो. आकाश यादव सहित छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शालू पाहवा ने अपने आशीर्वचन में छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए सेवा संकल्प अभियान को सशक्त एवं सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान सेवा, जनभागीदारी, रचनात्मक कार्यों एवं राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार साझा किए गए। छात्र-छात्राओं में भी अभियान को लेकर उत्साह देखने को मिला।
