युवा रत्न सम्मान के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित

सक्ती- संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, रायपुर (छत्तीसगढ़) के निर्देशानुसार तथा जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला सक्ती द्वारा प्रदेश के युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों द्वारा सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेल तथा अन्य विविध क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने एवं उन्हें राज्य स्तर पर मान्यता प्रदान करने के उद्देश्य से युवा रत्न सम्मान योजना संचालित की जा रही है। युवा रत्न सम्मान के लिए पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष 01 स्वैच्छिक संगठन तथा 14 विभिन्न क्षेत्रों में 01-01 उत्कृष्ट युवा को सम्मानित किए जाने का प्रावधान है। योजना के तहत चयनित स्वैच्छिक संगठन को पदक, शाल, प्रशस्ति प्रमाण-पत्र एवं सम्मान स्वरूप 5 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित युवा को 2.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। अन्य युवा रत्न सम्मानों के लिए चयनित प्रत्येक युवा को 1 लाख रुपये की सम्मान राशि के साथ पदक, शाल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। योजना का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करना तथा उनके योगदान को राज्य स्तर पर पहचान एवं सम्मान प्रदान करना है। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला सक्ती ने पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर पात्र आवेदकों का चयन युवा रत्न सम्मान के लिए किया जा सके।
