न्यू उड़ान जनसेवा फाउंडेशन द्वारा 18 सितंबर को सक्ती में सशक्त नारी सम्मान अवार्ड 2026 का आयोजन

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना प्रमुख उद्देश्य

सक्ती – महिलाओं को सम्मान देने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर देना न्यू उड़ान जनसेवा फाउंडेशन का प्रमुख उद्देश्य है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए फाउंडेशन द्वारा 18 सितंबर को श्री जन सेवा समिति हटरी सक्ती में सशक्त नारी सम्मान पुरस्कार 2026 का आयोजन किया जा रहा है।
फाउंडेशन का मानना है कि महिला सशक्तिकरण केवल सम्मान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि महिलाओं को ऐसा अवसर और संसाधन मिलना चाहिए, जिससे वे अपने हुनर के दम पर रोजगार शुरू कर सकें और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभा सकें। इसी सोच के तहत आयोजन में चयनित महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए आवश्यक सामग्री एवं उपकरण उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। इसके अंतर्गत महिलाओं को सिलाई मशीन, थ्रेडिंग चेयर, वैक्स हीटर, हेयर ड्रायर सहित अन्य उपयोगी सामग्री प्रदान की जाएगी। इन संसाधनों की मदद से महिलाएं घर से ही सिलाई, ब्यूटी एवं सौंदर्य सेवा जैसे कार्य शुरू कर अपनी आय का साधन विकसित कर सकेंगी। फाउंडेशन का उद्देश्य है कि हुनर रखने वाली महिलाओं को संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों से पीछे न हटना पड़े। सशक्त नारी सम्मान पुरस्कार 2026 में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के साथ महिला प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच भी दिया जाएगा। कार्यक्रम में मिस, मिसेज एवं किड्स सक्ती छत्तीसगढ़ी पारंपरिक फैशन शो 2026 आयोजित होगा, जिसमें प्रतिभागी छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से प्रदेश की संस्कृति और लोक परंपरा को प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा मां पार्वती थीम आधारित दुल्हन श्रृंगार प्रतियोगिता में प्रतिभागी अपनी सौंदर्य कला, रचनात्मकता और मेकअप कौशल का प्रदर्शन करेंगी। कार्यक्रम में शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा।
संस्कृति के साथ हुनर को भी मिलेगा सम्मान
फाउंडेशन की पहल में महिला सशक्तिकरण के साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। पारंपरिक फैशन शो के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, वहीं सौंदर्य कला और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
अभिनेत्री सुहासी धामी रहेंगी विशेष अतिथि
कार्यक्रम में प्रसिद्ध टेलीविजन अभिनेत्री सुहासी धामी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। धारावाहिक देवों के देव… महादेव में माता पार्वती की भूमिका से लोकप्रिय हुईं सुहासी धामी की उपस्थिति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी। न्यू उड़ान जनसेवा फाउंडेशन का कहना है कि सशक्त नारी सम्मान पुरस्कार 2026 के पीछे हमारा उद्देश्य सिर्फ महिलाओं को सम्मानित करना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना है। महिलाओं के पास हुनर है तो उन्हें अवसर और संसाधन भी मिलना चाहिए। इसी सोच के साथ फाउंडेशन महिलाओं को सम्मान से स्वावलंबन और हुनर से रोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। फाउंडेशन ने क्षेत्र की महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों से 18 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर नारी शक्ति और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के इस विशेष आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।
