जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ वासु जैन को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी किया नियुक्त

सक्ती – विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के उद्देश्य से देश व प्रदेश सहित जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान के सफल एवं सुचारू क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर द्वारा अभियान के समन्वय एवं मॉनिटरिंग के लिए जिला पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी बाघ द्विवेदी और जनसंपर्क अधिकारी आनंद दुबे को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बता दे कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जिले में जनसेवा, जनकल्याण और विकसित भारत-2047 के संकल्प को व्यापक जनभागीदारी के साथ जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रत्येक परिवार की सहभागिता के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आम नागरिकों को जोड़ा जाएगा।
