ग्राम पंचायत सकरेली कला में जनसमस्या निवारण शिविर

ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान पर हुई चर्चा

सक्ती – ग्राम पंचायत सकरेली कला में आज ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं के समाधान एवं शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनसमस्या निवारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं, जिनके निराकरण के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में पटवारी, ग्राम सेवक, ग्राम पंचायत के सदस्य, सरपंच जगनाथ सिदार, सचिव श्रीमती रीना राज, रोजगार सहायक चंद्र कुमार, पूर्व सरपंच डमरू साहू, समाजसेवी पवन साहू, जनप्रतिनिधि गनपत पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने राजस्व संबंधी समस्याएं, किसानों की समस्याएं, राशन कार्ड, पेंशन, पीएम किसान सम्मान निधि सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई।
जनप्रतिनिधि गनपत पटेल ने की विशेष जनशिविर लगाने की अपील
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि गनपत पटेल ने अधिकारियों से विनम्र अपील करते हुए कहा कि ग्राम सकरेली कला में शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए विशेष जनशिविर आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि गांव के कई ग्रामीण शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया एवं दस्तावेजों की जानकारी के अभाव में परेशान होते हैं। यदि पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाया जाए तो ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित सुविधाएं एवं समाधान मिल सकेगा। उन्होंने विशेष रूप से पीएम किसान सम्मान निधि, नए राशन कार्ड बनाने, पेंशन प्रकरण, किसानों की समस्याओं, राजस्व संबंधी मामलों एवं अन्य शासकीय योजनाओं से जुड़े प्रकरणों के निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में जनशिविर लगाने का आग्रह किया। पटेल ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे शिविरों के आयोजन से लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा।
ग्रामीणों ने जताई उम्मीद
जनसमस्या निवारण कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और उनके समाधान की उम्मीद जताई। ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत स्तर पर इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, जिससे छोटी-बड़ी समस्याओं का समय पर निराकरण हो सके। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन से सकरेली कला में शीघ्र विशेष जनशिविर आयोजित कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को एक ही स्थान पर उपस्थित कराने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

