विद्यादान और डिजिटल साक्षरता से जागरूक हुए विद्यार्थी, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा का जिम्मा भी लिया

शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बिर्रा में शिक्षा सहयोग एवं डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम संपन्न
सक्ती – विकासखंड स्तरीय सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड बम्हनीडीह के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिर्रा में मंगलवार को शिक्षा सहयोग, विद्यादान एवं डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया तथा डिजिटल युग में सुरक्षित और जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपराह्न 2 बजे हुआ। शिक्षा सहयोग अभियान के तहत जरूरतमंद विद्यार्थियों को कापी एवं पेन प्रदान किए गए। सेवानिवृत्त शिक्षक मनोज तिवारी एवं तोषण तिवारी ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए निरंतर अध्ययन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत बम्हनीडीह की अध्यक्ष मनीषा चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष तिवारी, बिर्रा सरपंच पीलीबाई साहू, बीईओ बसंत चतुर्वेदी, प्राचार्य सीता सूर्यवंशी, संकुल समन्वयक रामकिशोर देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को डिजिटल साक्षरता के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। वक्ताओं ने इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया। कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक पहलू तब सामने आया जब शिक्षा सहयोग अभियान के अंतर्गत समाजसेवी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता और व्यापारी मणिलाल कश्यप एवं एकादशिया साहू सरपंच प्रतिनिधि ने एक-एक गरीब एवं असहाय बच्चे को गोद लेकर उनकी संपूर्ण शिक्षा की फीस वहन करने की घोषणा की। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश बताया। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, समाजसेवियों एवं सहयोग कर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा और डिजिटल जागरूकता के प्रति नई सोच विकसित करते हैं।
इस कार्यक्रम में आलेख दुबे, गोकुल जायसवाल, सोनू जायसवाल, संतोष कश्यप, देवचंद यादव, तारकेश्वर कलार, एकादशिया साहू, नर्मदा प्रसाद पटेल, रूपचंद साहू, फिरतूराम पटेल, कीर्तनलाल कश्यप, फागूलाल साहू सहित बड़ी संख्या में पालकगण, जनभागीदारी समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
