सक्ती

पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत उद्यानिकी फसलों के बीमा की अंतिम तिथि 14 अगस्त तक बढ़ी

सक्ती-  जिले के किसानों के लिए पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत उद्यानिकी फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 से बढ़ाकर 14 अगस्त 2026 कर दी गई है। अब किसान निर्धारित तिथि तक फसल बीमा के लिए आवेदन कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत खरीफ मौसम की टमाटर, बैंगन, मिर्च, अदरक, केला, पपीता एवं अमरूद फसलों का बीमा कराया जा सकता है। बीमा कराने के इच्छुक किसान अपने नजदीकी लोक सेवा केन्द्र, बैंक शाखा, सहकारी समिति, भारतीय बीमा कंपनी के प्रतिनिधि अथवा उद्यानिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से बीमा संबंधी जानकारी प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत इच्छुक कृषकों को अधिसूचित फसलों की बीमित राशि का 5 प्रतिशत प्रति हेक्टेयर की दर से प्रीमियम जमा करना होगा। अधिसूचित फसलों के लिए प्रति हेक्टेयर देय प्रीमियम की दर टमाटर 6000 रुपये, बैंगन 3850 रुपये, मिर्च 3400 रुपये, अदरक 7500 रुपये, केला 4250 रुपये, पपीता 4350 रुपये तथा अमरूद 2250 रुपये निर्धारित की गई है। किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त करें।