जिले में भव्य एवं गरिमामय ढंग से आयोजित हो स्वतंत्रता दिवस समारोह: कलेक्टर अमृत विकास तोपनो

मानसून को देखते हुए आपदा प्रबंधन की सभी तैयारियां सुनिश्चित रखने के दिए निर्देश

सक्ती – कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्टोरेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर श्री तोपनो ने 15 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह का जिले में भव्य एवं गरिमामय ढंग से आयोजन सुनिश्चित करने हेतु जिले के सभी संबंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिले के सभी अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने जिला मुख्यालय के अलावा जिले के अन्य सभी निर्धारित स्थानों पर स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमा के अनुरूप बेहतर आयोजन करने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। कलेक्टर ने बैठक में वर्तमान मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन, जलजनित रोगों की रोकथाम, किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता, जाति प्रमाण पत्र के कार्य, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 एवं सेवा सेतु एप के प्रकरणों सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिये है।
समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने वर्तमान वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को संभावित जलभराव तथा अन्य आपदा परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने, बचाव दलों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी की जाए तथा प्रशिक्षित तैराकों एवं बचाव उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया जा सके। बैठक में कलेक्टर ने विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता को जिले मे निर्बाध विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुदृण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सेवा सेतु एप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन अंतर्गत विभिन्न विभागों में निराकरण हेतु शेष आवेदनों का विभागवार विस्तृत समीक्षा किया। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सीएम हेल्पलाईन के अंतर्गत प्राप्त आवेदनो का निर्धारित समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले के किसानों को खाद, बीज एवं सिंचाई से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। किसानों को खाद, बीज एवं सिंचाई सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कृषि विभाग को खाद बीज वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए है। उन्होंने जिले में उर्वरकों एवं बीजों के भंडारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपलब्ध स्टॉक एवं भंडारण व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने किसानों को नैनो यूरिया एवं अन्य उन्नत कृषि तकनीकों के उपयोग के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए है।

