सक्ती

कलेक्टर के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक

मानसून को देखते हुए आपदा प्रबंधन की सभी तैयारियां पूर्ण रखने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करें सुनिश्चित

कलेक्टर के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक kshititech

सक्ती – कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन, जलजनित रोगों की रोकथाम, किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता, जाति प्रमाण पत्र के कार्य, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 एवं सेवा सेतु एप के प्रकरणों सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने शिक्षा विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को नये शैक्षणिक सत्र में जाति प्रमाण पत्र के कार्यो में तेजी लाने के निर्देश दिए।
            समय सीमा की बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने वर्तमान वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए जिले में आपदा प्रबंधन की सभी तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को संभावित जलभराव तथा अन्य आपदा परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने, बचाव दलों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी की जाए तथा प्रशिक्षित तैराकों एवं बचाव उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया जा सके। जिला पंचायत सीईओ ने जलजनित एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए लोक स्वास्थय यांत्रिकी विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। सीईओ ने सेवा सेतु एप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण करने के निर्देश दिए।
         बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने सीएम हेल्पलाईन और सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत विभिन्न विभागों में निराकरण हेतु शेष आवेदनों का विभागवार विस्तृत समीक्षा किया। उन्होंने सुशासन तिहार अन्तर्गत प्राप्त कुछ शेष आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और तेजी से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सीएम हेल्पलाईन के अंतर्गत प्राप्त आवेदनो का निर्धारित समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
         बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने आगामी खरीफ फसल सीजन के दृष्टिगत कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को जिले के किसानों को खाद, बीज एवं सिंचाई से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद, बीज एवं सिंचाई सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कृषि विभाग को खाद बीज वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए है। उन्होंने जिले में उर्वरकों एवं बीजों के भंडारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपलब्ध स्टॉक एवं भंडारण व्यवस्था की जानकारी ली। सीईओ ने किसानों को नैनो यूरिया एवं अन्य उन्नत कृषि तकनीकों के उपयोग के प्रति जागरूक करने तथा इसके लाभों का जमीनी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने और किसानो को जागरूक करने के निर्देश दिए है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने जिले में अवैध रूप से खाद विक्रय एवं भण्डारण करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए है।
       सीईओ जैन ने समय सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ द्वारा लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरणों, पीएम सुर्यघर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान योजना, पीएम आवास योजना शहरी सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने तहसीलवार विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इसी प्रकार जिला पंचायत सीईओ द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिये गए। साथ ही विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, संयुक्त कलेक्टर अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।