जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल: स्कूलों में साइबर सुरक्षा और नए कानूनों का पाठ, बच्चों को खेल सामग्री भी वितरित

सक्ती – पुलिस जांजगीर चांपा द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही स्थित हाई स्कूल में साइबर सुरक्षा एवं नए आपराधिक कानूनों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं सरस्वती शिशु मंदिर, बिर्रा में विद्यार्थियों को खेल सामग्री वितरित कर पुलिस ने शिक्षा के साथ खेल भावना को भी बढ़ावा दिया । पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में डीएसपी अजाक सतरूपा तारम ने छात्र- छात्राओं को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया। कार्यक्रम में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, OTP साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग विवरण या OTP साझा न करें तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस थाना से संपर्क करें। इस अवसर पर डीएसपी सतरूपा तारम ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। बच्चों में कानूनी जागरूकता और डिजिटल सुरक्षा की समझ विकसित करना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सरस्वती शिशु मंदिर, बिर्रा के विद्यार्थियों को खेल सामग्री भी वितरित की, जिससे बच्चों में खेल के प्रति उत्साह देखने को मिला।




