सक्ती

जन शिकायत पर आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध महुआ शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश

बांधा तालाब किनारे चल रही 9 भट्ठियां ध्वस्त, 110 लीटर महुआ शराब व 1600 किलो लाहन जब्त

आशीष उप्पल के नेतृत्व में तड़के दबिश, लाखों के अवैध शराब कारोबार पर चला प्रशासन का बुलडोजर

जन शिकायत पर आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध महुआ शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश kshititech

सक्ती –  जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जन समस्या निवारण शिविर में प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम रायपुरा तांदुलडीह के भाटापारा क्षेत्र स्थित बांधा तालाब किनारे संचालित अवैध महुआ शराब फैक्ट्री पर आज 13 मई 2026 को तड़के छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान भारी मात्रा में महुआ शराब, महुआ लाहन तथा शराब निर्माण में उपयोग की जा रही नौ भट्ठियां बरामद की गईं। जानकारी के अनुसार जन समस्या निवारण शिविर रायपुरा में ग्रामीणों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि ग्राम रायपुरा तांदुलडीह में कुछ लोगों  बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब फैक्ट्री संचालित कर शराब निर्माण और विक्रय किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर सक्ती तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार तड़के रायपुरा भाटापारा तांदुलडीह स्थित बांधा तालाब के किनारे दबिश दी। आबकारी टीम के पहुंचने की भनक लगते ही अवैध शराब निर्माण में लगे लोग एवं उनके कर्मचारी मौके से फरार हो गए। तलाशी के दौरान तालाब किनारे नौ भट्ठियां संचालित अवस्था में मिलीं, जिनमें बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब तैयार की जा रही थी। सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल की उपस्थिति में मौके पर ही सभी अवैध भट्ठियों को नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने आसपास छिपाकर रखी गई लगभग 110 लीटर महुआ शराब भी बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा बांधा तालाब में प्लास्टिक की 80 बोरियों में छिपाकर रखा गया लगभग 1600 किलो महुआ लाहन भी बरामद किया गया। अधिकारियों के अनुसार जब्त लाहन की कीमत लगभग 80 हजार रुपये है और इससे सैकड़ों लीटर अवैध महुआ शराब बनाई जानी थी। आबकारी विभाग ने नियमानुसार सैंपल लेने के बाद मौके पर ही पूरे लाहन का विधिवत नष्टीकरण किया। आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल ने कहा कि जिले में अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जन समस्या निवारण शिविरों में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर आम लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन और आबकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।