अंबेडकर जयंती पर ग्राम सभाओं का हुआ आयोजन


जल जीवन मिशन के प्रति ग्रामीणों को किया गया जागरूक
सक्ती- डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर सक्ती जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंचायत विभाग द्वारा ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इन ग्राम सभाओं में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर ग्रामीणों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। जल स्रोतों के संचालन एवं संधारण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत और ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति की सक्रिय भागीदारी से सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए ग्राम स्तर पर समितियों का गठन कर उन्हें प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। ग्राम सभा में पंचायत राज अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि पेयजल व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु जल शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत प्रत्येक उपभोक्ता से न्यूनतम 60 रुपये प्रतिमाह का योगदान लिया जाएगा, जिसका उपयोग जल योजनाओं के रख-रखाव, मरम्मत एवं संचालन में किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों को जल गुणवत्ता की नियमित जांच, पेयजल से जुड़ी समस्याओं के समाधान तथा दूषित जल के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए वर्षा जल संचयन, जल के समुचित उपयोग एवं अपव्यय रोकने के उपायों की जानकारी दी। ग्रामवासियों से अपील की गई कि वे जल स्रोतों की सुरक्षा, संरक्षण तथा समय पर जल शुल्क भुगतान में सहयोग करें, ताकि योजना का संचालन सतत रूप से जारी रहे और भविष्य में भी सभी को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


