जल एवं भूमि संरक्षण के प्रति जागरूक करने फोटोग्राफी एवं रील्स प्रतियोगिता का हो रहा आयोजन

सक्ती – भारत सरकार के भूमि संसाधन विभाग एवं राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (WDC-PMKSY 2.0) जलग्रहण विकास घटक अंतर्गत वाटरशेड महोत्सव का आयोजन 19 नवंबर से 19 दिसंबर 2025 तक परियोजना स्तर पर किया जा रहा है। महोत्सव का उद्देश्य जल संरक्षण, मिट्टी संरक्षण एवं स्थायी कृषि प्रणालियों को बढ़ावा देना है। महोत्सव के तहत आयोजित सोशल मीडिया प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। प्रतियोगिता में चयनित 05 रील विजेताओं को 50-50 हजार रुपए तथा 100 फोटोग्राफी विजेताओं को 1-1 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। रील चयन में पुरस्कार हेतु 05 में से 02 रील WDC-PMKSY 1.0 एवं 2.0 के जल संचयन संरचनाओं पर, 02 रील अन्य केंद्र या राज्य योजनाओं के तहत निर्मित जल संरचनाओं पर तथा 01 रील बागवानी व कृषि वानिकी गतिविधियों पर आधारित होगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक प्रतिभागी 31 दिसंबर 2025 तक विभागीय पोर्टल https://wdcpmksy.dolr.gov.in/registerMahotsav पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्रतिभागियों को 30–60 सेकंड की रील अथवा कैप्शन सहित फोटो तैयार कर सकता है। प्रतिभागियों को अपनी सामग्री सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते समय निर्धारित हैशटैग का उपयोग करना अनिवार्य होगा।
#WDC-PMKSY-WatershedMahotsav2025, #Watershedmahotsavindia, #Watershedmahotsavchhattisgarh हैशटैग शामिल करना होगा। प्रतिभागी को https://wdcpmksy.dolr.gov.in/registerMahotsav पोर्टल पर पोस्ट करना होगा। पंजीयन के दौरान प्रतिभागियों को अपने सोशल मीडिया पोस्ट का लिंक भी अपलोड करना होगा, जिसके बाद उन्हें सफल पंजीकरण का ई-मेल प्राप्त होगा। प्रतियोगिता से संबंधित सभी विवरण विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इसके साथ ही अन्य किसी जानकारी के लिए कृषि विभाग उप संचालक कार्यालय जांजगीर चांपा और सक्ती में संपर्क किया जा सकता है।


