नशीली सिरप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 50 नग नशीली सिरप जप्त

सक्ती – सक्ती जिले में पुलिस ने भारी मात्रा में नशीली सिरप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 50 नग नशीली सिरप जप्त किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी सिरप बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था, इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। मामला बाराद्वार थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोरबा का एक युवक अपनी टाटा पंच कार में कोडिन युक्त कफ सिरप लेकर रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे ग्राहक का इंतजार कर राजा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में तत्काल एक टीम गठित कर मौके पर छापा मारा गया। छानबीन के दौरान पुलिस ने आरोपी की कार की डिक्की से 41 नग आनरेक्स कफ सिरप और 09 नग विनसरेक्स कफ सिरप, कुल 50 नग कोडिन युक्त मादक सिरप बरामद किया। आरोपी से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम रितेश गबेल निवासी चैनपुर थाना करतला जिला कोरबा बताया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना बाराद्वार में अपराध क्रमांक 116/2025 के तहत नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 21(C) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। बरामद मादक पदार्थ और वाहन को जब्त करते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


