131 फीट ऊंचाई से गिरी लिफ्ट 4 मजदूरों की मौत RKM पावर प्लांट में हादसा

6 गंभीर, मृतक और घायल यूपी, झारखंड के रहने वाले

सक्ती – छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा स्थित आरकेएम पावर प्लांट में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बॉयलर मेंटेनेंस के दौरान मजदूरों को ले जा रही एक लिफ्ट करीब 40 मीटर (131 फीट) की ऊंचाई से अचानक गिर गई। इस हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक और घायल मजदूर उत्तर प्रदेश और झारखंड के रहने वाले हैं। हादसे के वक्त लिफ्ट में कुल 10 मजदूर सवार थे। वे सभी प्लांट की पांचवीं मंजिल (करीब 75 मीटर ऊंची) तक जा रहे थे। लेकिन जब लिफ्ट 40 मीटर तक पहुंची, तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई। गिरते ही प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। यह मामला डभरा थाना क्षेत्र का है। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीसरे ने अस्पताल में दम तोड़ा। बाद में एक और मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल मजदूरों को डभरा से रायगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


