पोरथा के सरकारी स्कूल में पदस्थ प्राचार्य की बिटिया ने रचा इतिहास
नीट की परीक्षा में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

बाराद्वार – शिक्षा के क्षेत्र में बाराद्वार को एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि मिली है। नगर की प्रतिभाशाली छात्रा गीतांशी आदित्य ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा यूजीसी नेट, यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट / UGC NET) एवं कनिष्ठ अनुसंधान अध्येतावृत्ति जेआरएफ जूनियर रिसर्च फेलोशिप /JRF) में 99.87 पसेंटाइल अर्जित कर राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। सामान्य वर्ग से प्राप्त इस उत्कृष्ट परिणाम ने न केवल उनके परिवार बल्कि संपूर्ण क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। गीतांशी आदित्य, बाराद्वार निवासी प्रभारी प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोरथा मनीष आदित्य की सुपुत्री हैं,विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन /UGC) द्वारा प्रदत्त कनिष्ठ अनुसंधान अध्येतावृत्ति (जेआरएफ / JRF) के अंतर्गत गीतांशी को डॉक्टरेट (पीएच.डी. / Ph.D.) शोध कार्य हेतु कुल पाँच वर्षों तक मासिक अनुसंधान छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अंतर्गत प्रारंभिक दो वर्षों तक 37 हजार रुपये प्रतिमाह, जबकि आगामी तीन वर्षों तक 42 हजार रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति प्राप्त होगी।गीतांशी की शैक्षणिक यात्रा प्रारंभ से ही अनुकरणीय रही है। उन्होंने ग्रीन फील्ड स्कूल, बाराद्वार से कक्षा दसवीं तक शिक्षा प्राप्त कर अनुशासन, परिश्रम एवं संस्कारित शिक्षा की सुदृढ़ नींव रखी। इसके पश्चात उन्होंने अनुनय कॉन्वेंट विद्यालय, सक्ती से ग्यारहवीं एवं बारहवीं की पढ़ाई पूर्ण की। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गीतांशी ने जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय, सक्ती से स्नातक (अंग्रेज़ी साहित्य / B.A. English Literature) तथा स्नातकोत्तर (अंग्रेज़ी / M.A. English) दोनों परीक्षाएँ प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा और निरंतरता का परिचय दिया,गीतांशी आदित्य की इस ऐतिहासिक सफलता से ग्रीन फील्ड स्कूल, बाराद्वार, शिक्षा जगत एवं समस्त नगर में हर्ष और गर्व का वातावरण है। शिक्षकों, परिजनों एवं शुभचिंतकों ने इसे कठोर परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और सशक्त शैक्षणिक मार्गदर्शन का प्रतिफल बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त की हैं।गीतांशी की सफलता पर सक्ती जिले की जिला शिक्षा अधिकारी डॉक्टर कुमुदिनी बाघ द्विवेदी ने भी उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है


