सक्ती

मालखरौदा में पुलिस की दबिश: काट पत्ती जुआ खेलते 5 जुआरी गिरफ्तार, नकदी और ताश पत्ती जब्त

सक्ती –  मालखरौदा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बाजार चौक के पास दबिश देकर काट पत्ती नामक जुआ खेलते हुए पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 870 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश की एक गड्डी और एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम थाना प्रभारी प्रशिक्षु उपनिरीक्षक पूजा यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मालखरौदा के बाजार चौक के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसे का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी कर रेड की। इस दौरान पुलिस ने मौके पर जुआ खेलते हुए पांच आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में गौरी शंकर कर्ष (34 वर्ष), हरि कर्ष (38 वर्ष), विश्राम सोनवानी (58 वर्ष), दर्शन लाल कर्ष (55 वर्ष) और प्रमोद सिदार (40 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास और फड़ से कुल 870 रुपये नकद व जुआ सामग्री जब्त कर उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामला जमानतीय होने के कारण सक्षम जमानतदार पेश करने पर सभी आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया है।