ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान में दीपावली मिलन समारोह संपन्न, मीठी वाणी और नशा मुक्त भारत का लिया संकल्प

मुख्य अतिथि कोरबा संचालिका रुक्मणी दीदी की उपस्थिति में हुआ भव्य आयोजन
आध्यात्मिक दरिद्रता को दूर कर अंतर्मन को ज्ञान के प्रकाश से आलोकित करने का संदेश
सक्ती- स्थानीय प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सक्ती में दीपावली मिलन कार्यक्रम का अत्यंत गरिमामय और भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्रह्माकुमारीज़ कोरबा क्षेत्र की संचालिका आदरणीय रुक्मणी दीदी, बिंदु दीदी, लवली बहन तथा सक्ती केंद्र की संचालिका मधु बहन की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस पावन अवसर पर संस्थान की बहनों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं तिलक लगाकर भावभीना अभिनंदन किया गया।
दीपावली मिलन कार्यक्रम में उपस्थित भाई-बहनों को संबोधित करते हुए आदरणीय बिंदु दीदी ने कहा कि दीपावली का पावन पर्व केवल घरों को ही नहीं, बल्कि मनुष्य के मन के अंधकार को भी दूर कर उजाला फैलाता है। हर मनुष्य को अध्यात्म के मार्ग पर चलना चाहिए। दीपावली शब्द का मूल उद्देश्य स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा, “‘दी’ अर्थात मैंने किसी को कुछ दिया और ‘पा’ अर्थात मैंने ईश्वर व समाज से कुछ पाया। जब हम नि:स्वार्थ भाव से किसी को खुशी देते हैं, तो बदले में हमें अनमोल आशीर्वाद मिलता है।”
दीदी ने आगे कहा कि दीपावली पर हमें समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का हर संभव सहयोग करना चाहिए, ताकि उनके घरों में भी खुशियों के दीपक जल सकें। यदि हमारे प्रयास से किसी जरूरतमंद के घर में उजाला होता है, तो उनका आशीर्वाद हमारे पूरे परिवार के जीवन को आलोकित कर देगा। उन्होंने रेखांकित किया कि वर्तमान में जगत की समस्त समस्याओं का मूल कारण ‘आध्यात्मिक दरिद्रता’ है। दीपावली का यह प्रकाश पर्व हमारे भीतर की दरिद्रता को समाप्त कर ज्ञान, गुण और शक्तियों की संपन्नता लाने का संदेश देता है। अलौकिक प्रकाश से संपन्न आत्माएं कभी किसी के मन को पीड़ा नहीं पहुंचातीं।
सक्ती केंद्र की संचालिका मधु दीदी ने दीपावली के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीपावली सिर्फ बाहरी तौर पर दीपक जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अपने अंतर्मन में ज्ञान, शांति, प्रेम और पवित्रता का प्रकाश फैलाने का दिव्य संदेश है। जिस तरह एक छोटा सा दीपक घने अंधकार को दूर कर रोशनी फैलाता है, ठीक उसी तरह परमात्मा के ज्ञान और राजयोग ध्यान से मनुष्य के जीवन के सारे विकार, अज्ञानता और नकारात्मकता दूर हो सकती है। उन्होंने सभी से हमेशा मीठी वाणी बोलने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि हमारे बोल मीठे होंगे, तो हमारे मन में सदा उजाला रहेगा, और जब मन में उजाला होगा, तो घर, परिवार और पूरे समाज में खुशहाली फैलेगी।
नशा मुक्ति का सामूहिक संकल्प
इस अवसर पर उपस्थित सभी भाई-बहनों और प्रबुद्ध नागरिकों ने हाथ में जलते हुए दीपक लेकर भारत को नशा मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। उपस्थित जनसमुदाय ने एक स्वर में कहा कि नशा विनाश की जड़ है, जो हँसते-खेलते परिवारों को बर्बाद कर देता है। इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए हर व्यक्ति को जागरूक किया जाएगा और नशा मुक्ति अभियान चलाकर भारत को एक व्यसनमुक्त राष्ट्र बनाया जाएगा।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य दीपावली मिलन समारोह में मुख्य रूप से परियोजना अधिकारी भावना नेताम, भाजपा जिला महामंत्री रजनी टंडन, हेमेंद्र गबेल, अनूप वर्मा, अधिवक्ता ईश्वर गबेल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, नगरवासी, ग्रामीण तथा सैकड़ों की संख्या में ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के भाई-बहन व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
