सक्ती की सलनी पंचायत में 16.76 लाख की अनियमितता:जिला पंचायत सीईओ ने वर्तमान-पूर्व सचिव को निलंबित किया, उप अभियंता को दूसरी बार नोटिस जारी


सक्ती – सक्ती जिले के जैजैपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सलनी में विकास कार्यों के नाम पर शासकीय राशि के कथित दुरुपयोग के मामले में जिला पंचायत सीईओ आईएएस वासु जैन ने कार्रवाई की है। जारी आदेश के अनुसार, पंचायत की वर्तमान सचिव संतरा सिदार और पूर्व सचिव लक्ष्मण बंजारे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला स्तरीय जांच में विभिन्न विकास कार्यों को पूरा कराए बिना 16 लाख 76 हजार 389 रुपए की राशि आहरित कर खर्च किए जाने का मामला सामने आया है।
बोर खनन से लेकर नाली निर्माण तक में अनियमितता के आरोप
जांच में बोर खनन एवं पंप स्थापना, शौचालय निर्माण, नाली निर्माण और चबूतरा मरम्मत सहित अन्य विकास कार्यों में अनियमितताओं की बात सामने आई है। शिकायत में पुराने बोर को नया बताकर राशि आहरित किए जाने का आरोप भी लगाया गया था। जिला पंचायत स्तर पर जांच के बाद वर्तमान सचिव संतरा सिदार और पूर्व सचिव लक्ष्मण बंजारे के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
उप अभियंता को दूसरी बार कारण बताओ नोटिस
मामले में उप अभियंता वेद प्रकाश डनसेना की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। जिला पंचायत की ओर से जारी दूसरे कारण बताओ नोटिस में चार बोर खनन एवं पंप स्थापना कार्यों के लिए स्वीकृत आठ लाख रुपए से संबंधित कार्य माप पुस्तिका में मूल्यांकन दर्ज नहीं होने का उल्लेख किया गया है। नोटिस के मुताबिक, उप अभियंता का पूर्व में दिया गया जवाब असंतोषजनक पाया गया। उन्हें तीन दिन के भीतर साक्ष्यों सहित अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिकायत के बाद जिला स्तर पर कराई गई जांच
इस मामले की शिकायत वर्तमान उपसरपंच और पूर्व जनपद सदस्य जय चंद्रा ने पहले जनपद पंचायत जैजैपुर में की थी। वहां हुई जांच से असंतुष्ट होने पर उन्होंने जिला पंचायत सीईओ वासु जैन के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की। इसके बाद जिला स्तर पर जांच कराई गई। जांच में अनियमितताएं सामने आने के बाद दोनों सचिवों को निलंबित किया गया और उप अभियंता से दोबारा जवाब मांगा गया है। अब उप अभियंता के स्पष्टीकरण और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
