सक्ती

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावली के विशेष अभियान के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित

सक्ती –  भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार जिला सक्ती में निर्वाचक नामावलियों के विशेष अभियान के संबंध मे कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष मे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्वाचक नामावली के विशेष अभियान की जानकारी, पात्र मतदाताओं के पंजीकरण, नए एवं युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने तथा मतदाता जागरूकता के लिए जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।
       कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती जयश्री जैन ने बताया कि विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। ऐसे पात्र नागरिक, जो विभिन्न कारणों से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनके पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरवाया जा रहा है। इसके साथ ही 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नए एवं युवा मतदाताओं को भी पंजीकरण प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक मतदान केंद्र स्तर पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार एवं शनिवार को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के बूथ लेवल अधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। प्रशिक्षण के पश्चात बीएलओ अपने मतदान केंद्र के प्रत्येक घर घर तक पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण करने की प्रक्रिया भी बताई गई।
          जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी गई कि जिला सक्ती में विशेष गहन पुनरीक्षण से पूर्व कुल 7,29,853 मतदाता थे, जबकि एसआईआर के अंतिम प्रकाशन में 6,70,283 मतदाता दर्ज थे। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान कुल 68,901 एएसडी मतदाताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई, जिनमें 21,032 मृत, 33,971 स्थानांतरित, 9,020 अनुपस्थित, 4,756 दोहरे नाम तथा 122 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल थे। एसआईआर के पश्चात 13 अक्टूबर 2026 तक की स्थिति में 5,546 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने अथवा किसी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए नागरिक जिले के 718 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO), 12 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) एवं 3 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) से संपर्क कर सकते है।
       इसके साथ ही प्रेस वार्ता में बताया गया की मतदाता जागरूकता एवं युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, आईटीआई, हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी स्कूलों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही जिला, विधानसभा, विकासखंड, संकुल एवं मतदान केंद्र स्तर पर प्रशिक्षण तथा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नुक्कड़ नाटक, रंगोली, रैली, बैनर एवं पोस्टर के माध्यम से मतदाता जागरूकता का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत, निर्वाचन कार्यालय के सहायक प्रोग्रामर श्री श्रवण गभेल सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।