मल्दा में एक ही दिन में दो हादसे, सड़क की बदहाली पर उठे सवाल

सुबह बेगानार कार खेत में जा गिरी, शाम को बाइक सवार गंभीर रूप से घायल


सक्ती / बिर्रा- मल्दा में राज्य मार्ग पर शुक्रवार को एक ही दिन में दो अलग-अलग सड़क हादसे होने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। सुबह एक वेगानार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। हादसे में कार सवार बाल-बाल बच गए। वहीं शाम के समय इसी मार्ग पर एक बाइक सवार दुर्घटना का शिकार हो गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार बिर्रा से चंद्रपुर राज्य मार्ग पर ग्राम मल्दा में शुक्रवार की सुबह इस राज्य मार्ग के बहुत ज्यादा जर्जर और बदहाल हो जाने के कारण वेगानार कार दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि कार सड़क से उतरकर खेत तक पहुंच गई। राहत की बात यह रही कि कार सवार लोगों की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
इसी राज्य मार्ग में यहीं पर शाम को बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया । हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल को शुक्ला अस्पताल बिर्रा पहुंचाने में ग्राम पंचायत मल्दा के सरपंच शशि लाला राम भगत मित्तल के एंबुलेंस सहयोग मिल रहा है । हादसे के बाद गांव में उपलब्ध एंबुलेंस की मदद से घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में एंबुलेंस उपलब्ध होने से सड़क हादसे या अन्य आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में काफी मदद मिल रही है।
सड़क की स्थिति को लेकर उठ रहे सवाल
बिर्रा से घिवरा और मल्दा होते हुए चंद्रपुर तक राज्य मार्ग हालत बहुत ज्यादा जर्जर और बदहाल हो चुकी है। ग्राम मल्दा में एक ही दिन में दो सड़क हादसों के बाद सड़क की स्थिति और यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस राज्य मार्ग पर सड़क की स्थिति को लेकर लंबे समय से ध्यान देने की जरूरत है। इसके बावजूद संबंधित लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों, नेताओं और जनप्रतिनिधियों की ओर से अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को बेवजह भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। और हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने संबंधित विभाग से मार्ग का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति सुधारने और आवश्यक सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।
बहरहाल कारण चाहे जो भी हो लेकिन ग्राम मल्दा में बदहाल राज्य मार्ग में रोजाना हजारों की तादाद में आने जाने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
