नशा मुक्त भारत अभियान 2026 के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन, 30 जुलाई तक कर सकेंगे पंजीयन

सक्ती- युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा माय भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान 2026 के अंतर्गत जिले में विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए “युवा की उड़ान, नशा मुक्त भारत का निर्माण” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इस अभियान के तहत युवाओं के लिए आठ विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें नृत्य प्रतियोगिता, रील मेकिंग एवं लघु फिल्म प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, नारा लेखन प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, संगीत एवं रैप प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता तथा स्वंच मगेएट्री प्रतियोगिता शामिल हैं। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकते है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 30 जुलाई 2026 तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। अभियान के अंतर्गत पहले जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिसके पश्चात चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को जिले, राज्य एवं देश स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आग्रह किया है। अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए प्रतिभागी इस लिंक https://mybharat.gov.in/ का अवलोकन कर सकते है।

