धुरकोट में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन नशा मुक्ति के बारे में लोगो को किया जागरूक


सक्ती – डभरा में माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश/ सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर के निर्देशानुसार एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति डभरा के मार्गदर्शन से पैरालीगल वालेंटियर (PLV) श्रीमती लक्ष्मी डनसेना, थाना–डभरा द्वारा दिनांक 28 जून 2026, रविवार को मंगलदीप क्लस्टर, धुरकोट में एक विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मंगलदीप क्लस्टर की अध्यक्ष श्रीमती गणेशी चंद्रा, कोषाध्यक्ष, सचिव तथा अन्य कैडर सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर के दौरान पीएलवी श्रीमती लक्ष्मी डनसेना द्वारा उपस्थितजनों को नशा मुक्ति के संबंध में जागरूक करते हुए बताया गया कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार, समाज एवं आने वाली पीढ़ियों को भी प्रभावित करता है। वर्तमान समय में नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या बन चुका है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक जीवन पर अत्यंत प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसके अतिरिक्त उपस्थितजनों को विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के गठन एवं उद्देश्यों, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की पात्रता, तथा समाज के कमजोर एवं आर्थिक रूप से वंचित वर्गों को न्याय तक समान पहुँच सुनिश्चित करने हेतु उपलब्ध कानूनी सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। शिविर में 21,22,23 अगस्त 2026 को होने वाली विशेष लोक- अदालत, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, साइबर अपराधों से बचाव एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षा के उपाय, लोक अदालत एवं विशेष लोक अदालत के लाभ, तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। शिविर के अंत में उपस्थित सभी लोगों से नशामुक्त, जागरूक एवं कानून का सम्मान करने वाला समाज बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया गया तथा किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं पैरालीगल वालेंटियर से संपर्क कर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया गया।




