सक्ती

सक्ती के छोटे सीपत में उड़नदस्ता टीम की कार्रवाई:15.29 लीटर अवैध शराब जब्त,होटल संचालक गिरफ्तार, आबकारी अधिनियम के तहत भेजा गया जेल

सक्ती –  सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम छोटे सीपत में आबकारी विभाग ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की उड़नदस्ता टीम ने एक होटल संचालक के कब्जे से 15.29 लीटर देशी और विदेशी शराब बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। आबकारी विभाग के अनुसार कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नितिन शुक्ला के निर्देश पर जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर दी गई दबिश
इसी दौरान विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम छोटे सीपत निवासी बुदेश्वर प्रसाद सोनी अपने होटल में अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद आबकारी उड़नदस्ता टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर निगरानी रखी और फिर उसके होटल सह मकान में दबिश दी।
रसोई से मिली देशी और विदेशी शराब
तलाशी के दौरान घर की रसोई में रखे एक सफेद कपड़े के थैले से विभिन्न ब्रांड की देशी और विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त सामग्री में 40 पाव देशी प्लेन शराब, 13 पाव ग्रीन लेबल, 7 पाव मेड ऑफ, 3 बोतल सिंबा वाइल्ड बीयर, 4 कैन थंडर बोल्ट बीयर और 3 पाव 20-20 व्हिस्की शामिल हैं। आबकारी विभाग ने कुल 15.29 लीटर अवैध शराब जब्त की है।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
बरामदगी के बाद आरोपी बुदेश्वर प्रसाद सोनी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
उड़नदस्ता टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई उड़नदस्ता सक्ती प्रभारी विजय तंबोली के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल और जैजैपुर प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक घनश्याम प्रधान के नेतृत्व में की गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।