सक्ती

सक्ती के भड़ोरा में राखड़ परिवहन से सड़कें-नहरें जर्जर

ग्रामीणों ने एसडीएम से की लिखित शिकायत, कहा- खेती-किसानी पर पड़ेगा सीधा असर

सक्ती –  सक्ती जिले के मालखरौदा जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत भड़ोरा और आसपास के इलाके में राखड़ परिवहन को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि, राखड़ से भरे भारी वाहन लगातार गांवों की सड़कों और नहर मार्गों से गुजर रहे हैं। इससे प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनी सड़कें तेजी से जर्जर हो रही हैं। वहीं नहरों की स्थिति भी खराब होने लगी है। इससे आने वाले दिनों में किसानों को सिंचाई और पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों के अनुसार, भड़ोरा सहित ग्राम पंचायत पिरदा क्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में राखड़ से लदे भारी वाहन गुजरते हैं। इन वाहनों के दबाव से सड़कें जगह-जगह टूट गई हैं और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि, यदि इसी तरह भारी वाहनों का संचालन जारी रहा, तो कुछ ही दिनों में सड़कें पूरी तरह खराब हो जाएंगी, जिससे उनका आवागमन बाधित हो सकता है। सड़कें खराब होने से गांव के लोगों को मुख्य मार्ग, शासकीय कार्यालयों और अस्पतालों तक पहुंचने में भारी परेशानी होगी। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
खेती-किसानी पर पड़ेगा सीधा असर
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि राखड़ परिवहन के लिए अब नहर मार्गों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। भारी वाहनों के चलने से नहरों की संरचना कमजोर हो रही है और कई स्थानों पर उन्हें नुकसान पहुंच रहा है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी, तो सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, जिसका सीधा असर खेती-किसानी पर पड़ेगा।
प्रशासन की अनदेखी के कारण राखड़ परिवहन जारी
इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने मालखरौदा एसडीएम को लिखित शिकायत भी दी थी। हालांकि, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण राखड़ परिवहन लगातार जारी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सिंचाई विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों में भी शिकायत की जाएगी।