सक्ती

प्रतिबंध के बावजूद गतवा रेत घाट में अवैध उत्खनन का आरोप, खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

सुबह 4 बजे से ट्रैक्टरों की आवाजाही का आरोप, सिलादेही की गलियों से गुजर रहे रेत से भरे वाहन: ग्रामीण अब कलेक्टर से करेंगे शिकायत

सक्ती / बिर्रा- जनपद पंचायत बम्हनीडीह के अंतर्गत ग्राम गतवा रेत घाट में रेत उत्खनन पर प्रतिबंध के बावजूद कथित रूप से अवैध उत्खनन एवं परिवहन जारी रहने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सुबह करीब 4 बजे से ही रेत से भरे ट्रैक्टरों की आवाजाही शुरू हो जाती है और दिनभर परिवहन का सिलसिला चलता रहता है। प्रतिबंध के बावजूद लगातार हो रहे कथित अवैध उत्खनन को लेकर अब खनिज विभाग की निगरानी और कार्रवाई की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
   स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार गतवा रेत घाट प्रतिबंध के बावजूद यदि रेत से भरे ट्रैक्टर लगातार घाट से निकल रहे हैं, तो इसकी निगरानी कौन कर रहा है? कार्रवाई नहीं होने से कथित अवैध उत्खननकर्ताओं के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खनिज विभाग की निष्क्रियता के कारण रेत उत्खनन का सिलसिला लगातार जारी है। सोनबरसा पारा की गलियों से गुजर रहे रेत से भरे ट्रैक्टर रेत परिवहन के लिए सिलादेही के सोनबरसा पारा की संकरी गलियों का उपयोग किए जाने की भी शिकायत है। ग्रामीणों के अनुसार भारी ट्रैक्टरों की लगातार आवाजाही से सीसी रोड क्षतिग्रस्त हो रही है। वहीं छोटे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती की संकरी गलियां भारी वाहनों के आवागमन के लिए उपयुक्त नहीं हैं। इसके बावजूद रेत से भरे ट्रैक्टरों के लगातार गुजरने से सड़क को नुकसान पहुंच रहा है और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब कलेक्टर से शिकायत की तैयारी मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि गतवा रेत घाट में कथित अवैध उत्खनन और सिलादेही की गलियों से रेत परिवहन के मामले की शिकायत जल्द ही कलेक्टर से की जाएगी। ग्रामीण कलेक्टर से मौके की जांच कराने, प्रतिबंध के बावजूद उत्खनन पाए जाने पर संबंधित लोगों एवं वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा बस्ती की गलियों से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग किया जाएगा।
   बहरहाल कारण चाहे जो भी हो लेकिन ग्राम गतवा के रेट घाट में अवैध उत्खनन होने से गतवा और सोनबरसा पारा सिलादेही के ग्रामीणों को बेवजह भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

गतवा रेत घाट में अवैध उत्खनन एवं परिवहन की शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। प्रतिबंध के बावजूद रेत उत्खनन या परिवहन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों द्वारा सड़क क्षति और भारी वाहनों की आवाजाही संबंधी शिकायतों का भी परीक्षण कराया जाएगा।
प्रशांत पटेल तहसीलदार
बम्हनीडीह