सक्ती में दो सड़क हादसे, बाइक सवार युवक और महिला घायल: टेमर रेलवे फाटक के पास हाईवा की टक्कर, नवधा चौक में कार ने बाइक को मारी टक्कर; दोनों मामलों में आरोपी चालक फरार, पुलिस ने दर्ज किया केस


सक्ती – सक्ती जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए हैं। टेमर रेलवे फाटक के पास हाईवा की टक्कर से एक बाइक सवार युवक घायल हो गया, वहीं नवधा चौक क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार महिला घायल हो गई। दोनों मामलों में आरोपी चालक हादसे के बाद वाहन समेत मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना सक्ती थाना क्षेत्र की है।
पहली घटना: हाईवा ने बाइक सवार को मारी टक्कर
पहली घटना टेमर रेलवे फाटक के पास की है। जानकारी के अनुसार, ग्राम आडिल निवासी विनोद कुमार साहू पिता श्याम लाल साहू अपने काम से सक्ती आ रहा था। रात करीब 7:50 बजे रेलवे फाटक बंद होने के कारण वहां वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। फाटक खुलने के बाद जैसे ही विनोद कुमार अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11 सीए 9451 बजाज प्लेटिना लेकर आगे बढ़ा, उसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विनोद कुमार साहू के दोनों पैरों में चोट आई है, जबकि उनकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने हाईवा चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन लेकर अड़भार की ओर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना सक्ती पुलिस ने अज्ञात हाईवा चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 एवं 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन और चालक की तलाश कर रही है।
दूसरी घटना: कार चालक ने बाइक सवार को मारी टक्कर
वहीं दूसरी घटना शहर के नवधा चौक क्षेत्र की है। ग्राम गोड़ बोरदी थाना खरसिया निवासी अनुराधा भारद्वाज अपने पति मिथिलेश कुमार भारद्वाज के साथ मायके सक्ती आई हुई थीं। भोजन करने के बाद दोनों मोटरसाइकिल होंडा ड्रीम योगा से वापस गांव लौट रहे थे। रात करीब 10:40 बजे जब वे कांच घर और मोहन कम्प्यूटर मोड़ के पास नवधा चौक पहुंचे, तभी मेन रोड की ओर से तेज गति से आ रही काले रंग की कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि कार चालक योगेश देवांगन तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। टक्कर लगते ही दंपत्ति सड़क पर गिर पड़े। हादसे में अनुराधा भारद्वाज के सिर, कमर और बाएं हाथ में अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर थाना सक्ती पुलिस ने आरोपी चालक योगेश देवांगन के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


