सक्ती

ज्ञानभारतम् मिशन के तहत जिले में पांडुलिपियों के सर्वेक्षण हेतु जिला स्तरीय समिति का गठन

सक्ती – भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित “ज्ञानभारतं मिशन” के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में प्राचीन पांडुलिपियों, ताड़पत्रों एवं दुर्लभ हस्तलिखित ग्रंथों के संरक्षण एवं सर्वेक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस क्रम में जिला स्तरीय समिति का गठित किया गया है। गठित समिति में कलेक्टर को अध्यक्ष तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, नगर निगम, नगरपालिका आयुक्त, विश्वविद्यालय, महाविद्यालय प्रतिनिधि, संस्कृत एवं प्राचीन भाषा विशेषज्ञ तथा जिला शिक्षा अधिकारी को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। समिति का उद्देश्य जिले में स्थित सरकारी एवं निजी पांडुलिपि संग्रह केंद्रों एवं व्यक्तिगत संग्रहकर्ताओं का चिन्हांकन एवं सूचीकरण करना है। जिले में संभावित पांडुलिपि संग्रह केंद्रों में संस्कृत महाविद्यालय, पुस्तकालय, संग्रहालय, शोध संस्थान, मंदिर, मठ, आश्रम, गुरुकुल एवं ट्रस्ट आदि शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा निजी स्तर पर विद्वानों, पुरोहितों, ज्योतिषाचार्यों एवं आयुर्वेदाचार्यों के पास भी महत्वपूर्ण पांडुलिपियां संरक्षित हो सकती हैं। सर्वेक्षण कार्य संबंधित संग्रहकर्ता, संस्था की सहमति से किया जाएगा तथा पांडुलिपियों का स्वामित्व यथावत संबंधित संग्रहकर्ता के पास ही रहेगा। यह सर्वेक्षण “ज्ञान भारतम् मोबाइल एप्स” के माध्यम से किया जाएगा, जो गूगल प्ले स्टोर एवं ऐप स्टोर पर निःशुल्क उपलब्ध है। जिला स्तरीय नोडल अधिकारी द्वारा प्रत्येक 15 दिवस में सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा की जाएगी तथा प्रगति प्रतिवेदन राज्य स्तर पर प्रेषित किया जाएगा। आगामी तीन माह के भीतर सर्वेक्षण एवं चिन्हांकन कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं से इस महत्वपूर्ण मिशन में सक्रिय सहयोग सुनिश्चित करने की अपील की है, जिससे देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण एवं संवर्धन किया जा सके।