सक्ती

सक्ती की ईई प्रियंका मेहता को कारण बताओ नोटिस भुगतान रोकने और मुख्यालय से गायब रहने के गंभीर आरोप

सक्ती –  सक्ती जिले मे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मे अनुशासनहीनता और वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। बिलासपुर स्थित विभाग के अधीक्षण अभियंता ने सक्ती संभाग की कार्यपालन अभियंता (ईई) प्रियंका मेहता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, भुगतान में अनावश्यक देरी और अनधिकृत रूप से मुख्यालय से अनुपस्थित रहने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। नोटिस के अनुसार, ईई प्रियंका मेहता द्वारा बार-बार बिना पूर्व सूचना के मुख्यालय छोड़ दिया जाता रहा है, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। यह भी उल्लेख किया गया है कि अगस्त से नवंबर 2025 के बीच जारी तीन वर्क ऑर्डर का भुगतान चार माह बीत जाने के बाद भी नहीं किया गया, जबकि नियमानुसार समयसीमा के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाना चाहिए था। अधीक्षण अभियंता ने नोटिस में यह भी कहा है कि वित्तीय वर्ष और माह के अंतिम सप्ताह में, जब अधिकतम भुगतान कर कार्यों का समापन आवश्यक होता है, उस दौरान कार्यालय से अधिकारी की अनुपस्थिति उनकी मनमानी और हठधर्मिता को दर्शाती है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो शासन को अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जा सकती है। इस कार्रवाई के बाद लोक निर्माण विभाग में हड़कंप की स्थिति है और मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है।