शासन की बेहतर व्यवस्था से किसान पुरुषोत्तम लाल को मिला भरोसा और राहत

सक्ती – जिले में जारी धान खरीदी अभियान किसानों के लिए आत्मविश्वास और आर्थिक संबल का मजबूत आधार बन रहा है। समर्थन मूल्य पर पारदर्शी तरीके से हो रही धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है। शासन द्वारा निर्धारित 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल उपार्जन सीमा के तहत की जा रही खरीदी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली है। इसी क्रम में विकासखण्ड सक्ती के ग्राम रेडा निवासी किसान पुरुषोत्तम लाल राठौर ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष धान उपार्जन केंद्र किरारी में कुल 137.20 क्विंटल धान का विक्रय किया है। उन्होंने कहा कि बेहतर समर्थन मूल्य और समय पर भुगतान की व्यवस्था से उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिली है, जिससे परिवार की जरूरतों के साथ-साथ आगामी फसल की तैयारी भी सहज रूप से हो पा रही है। किसान पुरुषोत्तम लाल ने बताया कि अब धान उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाएं पहले की तुलना में कहीं बेहतर हो गई हैं। त्वरित तौल, पारदर्शी प्रक्रिया, भीड़-भाड़ से राहत और समय पर भुगतान जैसी सुविधाओं से किसानों में संतोष और विश्वास का वातावरण बना है। उन्होंने शासन द्वारा लागू की गई किसान-हितैषी नीतियों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन व्यवस्थाओं से किसान अब निश्चिंत होकर अपनी उपज का विक्रय कर पा रहे हैं।


