सक्ती

जिले में लॉ एंड ऑर्डर के सिचुएशन का त्वरित करें कंट्रोल– कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन

कलेक्टर एवं एसपी ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के दिए आवश्यक निर्देश

विभागीय योजनाओं, धान खरीदी एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

जिले में लॉ एंड ऑर्डर के सिचुएशन का त्वरित करें कंट्रोल– कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन kshititech

सक्ती – कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने आज कलेक्टोरेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभाग अंतर्गत लंबित समय सीमा के प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। आज आयोजित समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) बेहतर बनाए रखने के लिए विभिन्न आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर द्वारा पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिले में किसी भी प्रकार से लाॅ एंड ऑर्डर की स्थिति उत्पन्न होने पर उन्हें त्वरित रूप से कंट्रोल किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सहित जिले में धान खरीदी का महा अभियान चल रहा है इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ साथ पुलिस अधिकारी भी अपने अपने क्षेत्र अंतर्गत आने वाले धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण व निगरानी करें। कलेक्टर ने जिले के संवेदनशील धान खरीदी केंद्रों पर विशेष निगरानी रखे जाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम व एसडीओपी, तथा तहसीलदार व टीआई इस तरह से पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को आपसी कॉर्डिनेशन से टीम बनाकर आवश्यकता के अनुसार रात के समय भी गश्त करने व निगरानी करने के निर्देश दिए। जिससे जिले में किसी भी प्रकार से अवैध धान न खपने न पाए। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि अभी नवम्बर का माह चल रहा है तथा आगामी दिनों में सभी धान खरीदी केंद्रों में धान की आवक बढ़ेगी इस दौरान अवैध रूप से धान खपाने के लिए कोचियों बिचौलियों भी सक्रिय हो जाते हैं इस लिए सभी पुलिस व प्रशासन के अधिकारी अलर्ट मोड पर रहते हुए मिलकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण योजना है। इस लिए पुलिस व प्रशासन के अधिकारी आपसी समन्वय से ज्वाइंट टीम बनाकर इस कार्य को सुव्यवस्थित व पारदर्शी ढंग से कराए। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण निर्मित करने के निर्देश दिए।
         समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने आबकारी विभाग के अधिकारी को जिले में किसी भी प्रकार के अवैध शराब के निर्माण, आवागमन व परिवहन की जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस विभाग से समन्वय कर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शराब के अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्यवाही की जाए क्योंकि शराब के वजह से ही अपराध भी बढ़ते है। कलेक्टर ने प्रशासन व पुलिस अधिकारी को मिलकर जिले में अवैध शराब सहित अन्य गतिविधियों पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान समय में जिले में विभिन्न मेला व धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होने वाले हैं। इसके लिए प्रशासन के अधिकारी संबंधितों को अनुमति देने से पूर्व आवश्यक नियमों की जानकारी देते हुए नियमों का पालन कराए तथा पुलिस प्रशासन के समन्यव से ट्रैफिक सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने राष्ट्रीय तम्बाखू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में कोटपा एक्ट के तहत किए गए कार्यवाही की जानकारी ली तथा संबंधित दल के लिए आवश्यकतानुसार पुलिस विभाग को भी आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
             समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत चल रहे धान खरीदी कार्य की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों से धान खरीदी केंद्रवार निरीक्षण के दौरान पाई गई समस्याओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को अपने अपने निर्धारित धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा प्रत्येक सप्ताह आवश्यक जानकारियां जिला कार्यालय में उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में बारदाना की उपलब्धता व खरीदी किए जाने वाले धान को सुरक्षित रखने के लिए जगह की उपलब्धता का विशेष ध्यान रखें जाने के निर्देश दिए हैं।  कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में सतत निगरानी करने तथा उपार्जन केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की संख्या के अनुरूप धान खरीदी, तौल, भंडारण एवं बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। कलेक्टर ने सभी केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, बायोमेट्रिक डिवाइस, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट एवं सीसीटीवी कैमरों सहित पेयजल, छाया, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था रखने को कहा। कलेक्टर ने धान खरीदी से जुड़े अधिकारियों को पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा दूसरे जिलों से अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय एवं गंभीरता से धान खरीदी कार्य का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
      कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने जिले के ग्रामों में कुछ पंच एवं सरपंच पदों के उप निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मतदान केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। कलेक्टर श्रीमती जैन ने जिले में संचालित जनगणना संबंधी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आगामी 2 से 4 दिसंबर तक आयोजित होने वाली जनगणना मास्टर ट्रेनर कार्यशाला की तैयारियों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यशाला के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
         समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने सभी विभागीय अधिकारियों को ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से शासकीय कार्यों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों में फाइलों का संचालन एवं शासकीय कार्य ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएं। कलेक्टर ने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से फाइलों का ऑनलाइन संचालन होने से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी तथा शासकीय कार्यों का संपादन अधिक सरल, सुगम एवं व्यवस्थित रूप से किया जा सकेगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य करने की आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, पंचायत सहित अन्य निर्माण कार्यों से संबंधित विभागों से जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण कार्य समयावधि में पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को उनके विभाग अंतर्गत संचालित शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में गंभीरता के साथ कार्य करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर सभी आवश्यक विभागीय कार्य करने के निर्देश दिए। जिससे कार्यों को बेहतर ढंग से किया जा सके। जिससे कार्यों के अच्छे प्रोग्रेस व रिजल्ट मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
         समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए लक्ष्य अनुसार कार्य सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन 1076 के तहत प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की विभागवार जानकारी ली। कलेक्टर ने समय सीमा के भीतर सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निराकरण नहीं करने वाले संबंधित विभागों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
        बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी विभागीय अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओ और कार्यो का विभागीय स्तर पर भी नियमित रूप से समीक्षा करते हुए आमजन को ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी से जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने के कार्यों की जानकारी लेते हुए इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत एचपीवी वैक्सिनेशन, निक्षय पोषण योजना, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट आदि की जानकारी ली। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने सेवा सेतु एप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण करने के निर्देश दिए। 
          कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर द्वारा लेबर रिपोर्ट, स्वामित्व योजना, लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरणों, आयुष्मान योजना, पीएम आवास योजना शहरी सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित नामांतरण, अविवादित नामांतरण, विवादित खाता विभाजन, अविवादित खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिये गए। साथ ही विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर नवीन भगत, अपर कलेक्टर के एस पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल सहित पुलिस व प्रशासन के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।