शराब के नशे में युवक ने ग्रामीण से की गाली-गलौज, दांत से काटकर किया घायल; मामला दर्ज

सक्ती – चंद्रपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कांशीडीह में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति द्वारा ग्रामीण के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित के दाहिने पैर के घुटने के पास दांत से काटकर उसे घायल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर चंद्रपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कांशीडीह निवासी शत्रुघन पटेल (63 वर्ष) सोमवार, 23 नवंबर 2026 की सुबह गांव के सरपंच कौशल कुमार चावला के घर के सामने सड़क पर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला हीरालाल चावला (50 वर्ष) शराब के नशे में वहां पहुंचा और शत्रुघन पटेल को अश्लील गालियां देने लगा।
गाली-गलौज के दौरान ही आरोपी हीरालाल ने पीड़ित के दाहिने पैर के घुटने के पास अपने दांत से काट लिया, जिससे उन्हें चोट आई है। मौके पर मौजूद सरपंच कौशल चावला और रोहित पटेल ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, वहीं सुखनंदन सतनामी ने भी इस घटना को देखा और सुना।
घटना के बाद पीड़ित शत्रुघन पटेल ने चंद्रपुर थाने पहुंचकर मामले की मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी हीरालाल चावला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य या गाली-गलौज) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
