सक्ती

कृषि पखवाड़ा के माध्यम से किसानों को फसल विविधीकरण के लिए किया जा रहा प्रोत्साहित

ग्रीष्मकालीन धान के बदले दलहन-तिलहन की खेती को बढ़ावा

कृषि पखवाड़ा के माध्यम से किसानों को फसल विविधीकरण के लिए किया जा रहा प्रोत्साहित kshititech

रबी फसलों की तैयारी पर विशेष ध्यान किसानों को दी जा रही नई तकनीकी सलाह

सक्ती-  कलेक्टर  अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिले के सभी विकासखण्डों के ग्राम पंचायतों में 01 नवम्बर 2025 से 18 नवम्बर 2025 तक कृषि पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सभी विकासखण्डों के ग्राम पंचायत मसनिया कला, जेठा, बाराद्वार बस्ती, गोबरा, चंद्रपुर, कांशीडीह, बडे सीपत, देवगांव, बोड़ासागर, लोहराकोट, हसौद, रायपुरा, चिस्दा, धिवरा में कृषि पखवाड़ा का आयोजन विगत दिवस को किया गया। कृषि पखवाड़ा में जल की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन धान के बदले दलहन एवं तिलहन फसलों को बढ़ावा देने हेतु किसानो से अपील की जा रही है। सिंचित नमी का उपयोग तथा पारम्परिक पद्धति के उपयोग द्वारा दलहन, तिलहन क्षेत्र विस्तार की किसानों को जानकारी दी जा रही है। कृषि पखवाड़ा में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनांतर्गत लंबित ई-केवाईसी, भूमि विवरण, आधार सीडिंग का कार्य भी किया जा रहा है। एग्रीस्टेक पंजीयन से वंचित किसानो का शिविर के माध्यम से पंजीयन किया जा रहा है। कृषि पखवाड़ा में फसल विविधीकरण, रबी में बीज उत्पादन कार्यकम लेने हेतु किसानों को जानकारी दी जा रही है। जिससे उन्नत बीज के क्षेत्र में भी किसान आत्मनिर्भर हो सके। किसान क्रेडिट कार्ड (के.सी.सी.) के माध्यम से किसानों को अल्पकालीन फसल ऋण लेने हेतु जागरूक किया जा रहा है साथ ही मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर रबी फसल में अनुशांसित उर्वरक का उपयोग हेतु किसानों को जागरूक भी किया जा रहा है।