फसल धान की प्रविष्टियों के लिए अधिकारियों कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण


सक्ती – राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान उपार्जन करने से पूर्व एग्रीस्टेक पोर्टल के डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं भुइया साफ्टवेयर में किये गये फसल धान की प्रविष्टियों में से 5 प्रतिशत प्रविष्टि की रैण्डम सत्यापन हेतु मोबाईल एप्प तैयार किया गया है। इस एप्प के संचालन के सम्बन्ध में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिला खाद्य अधिकारी एवं उनके टीम द्वारा प्रथम पाली दोपहर 11 बजे से 2 बजे तक विकासखंड सक्ती एवं जैजैपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों को एवं द्वितीय पाली में अपरान्ह 3 बजे से 5 बजे तक विकासखंड जैजैपुर एवं मालखरौदा के अधिकारी कर्मचारियों को संबंधित जनपद के सभा कक्ष में प्रशिक्षण दिया गया। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार इसके तहत 3 स्तर पर फसल प्रविष्टि की रेण्डम सत्यापन किया जाना है। प्रथम चरण में एप्प के माध्यम से खसरों का सत्यापन जिला कलेक्टर द्वारा चिन्हांकित राजस्व, कृषि, पंचायत, शिक्षा आदि विभागों के अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा। सत्यापन में प्रविष्टि गलत पाये जाने पर उस प्रविष्टि को भौतिक सत्यापन के आधार पर सुधार किया जाएगा। इस हेतु प्रथम चरण में सत्यापन कार्य के लिए जिले के अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर प्रशिक्षण दिया गया है।


