सक्ती

श्री कृष्ण संगीत महाविद्यालय ने भजन संध्या के साथ मनाया जन्माष्टमी

सक्ती – श्रीकृष्ण संगीत महाविद्यालय सक्ती ने कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भजन संध्या का आयोजन किया। भगवान श्रीकृष्ण एवं मां सरस्वती के चित्र पर तिलक चंदन, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। पश्चात महाविद्यालय  परिवार ने गुरु शिष्य परंपरा का निर्वाह करते हुए समवेत स्वर से संगीतमय सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी।पश्चात मंचासिन अभ्यागतों में नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कुमुदिनी बाघ द्विवेदी, साहित्यकार रविन्द्र द्विवेदी के साथ संगीताचार्य वेदराम यादव, जीतराम यादव, बलभद्र शुक्ला, भगत राम साहू आदि गुरुजनों का चंदन तिलक, पुष्पहार और श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया जिसके बाद महाविद्यालय के शिष्यों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।  इस अवसर पर श्याम सुंदर अग्रवाल ने जन्माष्टमी की बधाई देते हुए महाविद्यालय के उन्नति की कामना किया तो वहीं साहित्यकार रविन्द्र द्विवेदी ने अपने कवि अंदाज में आयोजन की तारीफ करते हुए कहा कि जीवन में संगीत का बहुत महत्व है। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कुमुदिनी बाघ द्विवेदी ने बच्चों की प्रस्तुति से प्रभावित होकर कहा कि संस्था अल्पायु से ही बच्चों को संगीत के माध्यम संस्कारित करने पहल कर रही है जो प्रशंसनीय है, उन्हें विद्यालयों में संगीत शिक्षा को आवश्यक बताते हुए इसके लिए समुचित प्रयास की बात कही तो वहीं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने वर्तमान में जब समाज में संस्कारयुक्त वातावरण का अभाव है तो वहीं संगीत साधकों में विद्यमान गुरू शिष्य  परंपरा को अद्भुत और समाज के लिए समयानुकूल बताते संगीत को भारतीय संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए महाविद्यालय के संचालक दिनेश साहू के प्रयास को तारीफ ए काबिल बताया।
आज इन पलों में सक्ती, जांजगीर व रायगढ़ जिले की संगीत साधकों की गरिमामय उपस्थिति रही जिसमें ५ साल से ७५ साल से अधिक आयु के संगीताचार्य एवं  संगीत साधक शामिल रहे।