अवैध बिजली तार की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, मर्ग जांच के बाद मृतक के ही खिलाफ मामला दर्ज

सक्ती- मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम परसी में करंट लगने से हुई 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद अजीबोगरीब मोड़ लेते हुए खुद मृतक के खिलाफ ही लापरवाही से मौत (धारा 106(1) बीएनएस) का अपराध दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते 30 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2:00 बजे ग्राम परसी के गढ़मुड़िया खार स्थित रनसाय कुर्रे के खेत के पास हुई थी। मृतक बीर सिंह दिलावर (60 वर्ष) ने गली के बिजली खंभे से रनसाय कुर्रे के खेत से होते हुए अपने घर तक अवैध रूप से बिजली का तार खींच रखा था।
घटना वाले दिन सुबह बीर सिंह ने नाले के पास स्थित अपना एक ‘कसही’ का पेड़ कटवाया था। पेड़ कटने के बाद सीधे उस बिजली के तार पर जा गिरा, जिससे तार टूटकर नीचे खेत में आ गया और उनके घर की बिजली बंद हो गई। दोपहर में जब बीर सिंह तार को चेक करने खेत की तरफ गए, तो वह करंट प्रवाहित तार की चपेट में आकर चिपक गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
विद्युत विभाग की रिपोर्ट के बाद दर्ज हुई एफआईआर
घटना के बाद ग्राम के उपसरपंच बद्री प्रसाद टेंडे और ग्रामीणों की सूचना पर मालखरौदा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (फगुरम कार्यालय) से बिजली कनेक्शन के वैध या अवैध होने की रिपोर्ट मांगी।
विद्युत विभाग द्वारा लिखित में यह पुष्टि किए जाने के बाद कि मृतक द्वारा खींचा गया कनेक्शन पूरी तरह अवैध था, पुलिस ने लापरवाही बरतने के कारण हुई मौत के लिए स्वयं मृतक बीर सिंह दिलावर को ही जिम्मेदार माना। इसके आधार पर 23 नवंबर 2026 को थाना मालखरौदा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
